ATM के नए नियम लागू! फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा चार्ज, जानें RBI का बड़ा फैसला!

RBI ने एटीएम और पीओएस मशीन से नकदी निकालने के नियम बदले हैं। जानें मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा, 23 रुपये का शुल्क और फेल ट्रांजैक्शन के नियम।

Nov 28, 2026 - 12:46
0
ATM के नए नियम लागू! फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा चार्ज, जानें RBI का बड़ा फैसला!

दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 28 नवंबर 2026

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एटीएम और दुकानों पर लगी पीओएस मशीनों से नकदी निकालने से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। 27 नवंबर 2026 को जारी नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इसके तहत अब बैंकों को ग्राहकों को यह जानकारी देनी होगी कि उन्होंने महीने में कितनी मुफ्त एटीएम सेवाओं का इस्तेमाल कर लिया है और उनके खाते में कितनी मुफ्त ट्रांजैक्शन बाकी हैं। हालांकि, आरबीआई ने मुफ्त एटीएम ट्रांजैक्शन की मौजूदा संख्या में कोई बदलाव नहीं किया है।

नए नियमों के अनुसार, ग्राहक अपने बैंक के एटीएम से हर महीने पांच बार मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। वहीं, दूसरे बैंकों के एटीएम से महानगरों में तीन और गैर-महानगरों में पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी। इसमें नकदी निकालने के साथ बैलेंस चेक करने जैसी गैर-वित्तीय सेवाएं भी शामिल हैं। निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद बैंक प्रत्येक अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये और लागू कर वसूल सकते हैं।

आरबीआई ने बैंकों को यह भी निर्देश दिया है कि वे ग्राहकों को समय-समय पर संदेश भेजकर मुफ्त ट्रांजैक्शन की इस्तेमाल की गई और बची हुई संख्या की जानकारी दें। इसके अलावा, अगली ट्रांजैक्शन पर लगने वाले संभावित शुल्क के बारे में भी पहले से सूचित करना होगा, ताकि ग्राहकों को अचानक खाते से पैसे कटने की परेशानी न हो।

फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा शुल्क

एटीएम से लेनदेन असफल होने पर ग्राहकों को राहत दी गई है। यदि तकनीकी खराबी, नेटवर्क की समस्या या एटीएम में नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रांजैक्शन असफल होता है, तो उसे मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा में नहीं गिना जाएगा। गलत पिन या सत्यापन से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण असफल हुए लेनदेन पर भी निर्धारित नियमों के तहत शुल्क नहीं लगेगा।

दुकानों से भी निकाल सकेंगे नकदी

आरबीआई ने दुकानों पर लगी पीओएस मशीनों से नकदी निकालने की सुविधा के नियम भी स्पष्ट किए हैं। अब ग्राहक डेबिट कार्ड, पूरी तरह सत्यापित प्रीपेड भुगतान साधनों और यूपीआई के माध्यम से नकदी निकाल सकेंगे। इस सुविधा के तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और एक महीने में कुल 10,000 रुपये तक नकदी निकाली जा सकेगी। इस पर एक प्रतिशत शुल्क देना होगा।

इस सुविधा की खास बात यह है कि ग्राहकों को नकदी निकालने के लिए दुकान से कोई सामान खरीदना जरूरी नहीं होगा। वे बिना खरीदारी किए भी नकदी प्राप्त कर सकेंगे। यदि कोई ग्राहक सामान खरीदने के साथ नकदी भी निकालता है, तो दुकानदार को बिल में खरीदारी की रकम और निकाली गई नकदी का विवरण अलग-अलग दिखाना होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User