डिलीवरी के नाम पर 6 हजार मांगने का आरोप:सीतापुर में भाजपा नेता धरने पर बैठे, तीन महीने बाद भी कार्रवाई नहीं
सीतापुर में महमूदाबाद सीएचसी के महिला अस्पताल में डिलीवरी के नाम पर छह हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए भाजपा विधानसभा संयोजक आशीष चौधरी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। करीब तीन महीने पुराने मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज भाजपा नेता ने सीएचसी अधीक्षक के निलंबन तक भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है। उधर, अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को निराधार बताते हुए शिकायतकर्ता से साक्ष्य मांगे हैं। भाजपा नेता आशीष चौधरी के मुताबिक, 30 और 31 अगस्त को उनकी पत्नी की सीएचसी महमूदाबाद स्थित महिला अस्पताल में डिलीवरी हुई थी। आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर उनसे छह हजार रुपये की मांग की गई। इसके अलावा करीब तीन हजार रुपये की दवाएं भी बाहर से मंगवाई गईं। उनका दावा है कि छह हजार रुपये की मांग में से दो हजार रुपये कम होने पर उनकी पत्नी को अस्पताल से बाहर कर दिया गया था। भाजपा नेता ने बताया कि मामले की शिकायत तत्कालीन जिलाधिकारी से की गई थी। डीएम के निर्देश पर उन्होंने शपथ पत्र भी दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सीएमओ को चार बार प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पहले दीपावली के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब कार्रवाई से इनकार किया जा रहा है। इसी से नाराज होकर उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। आशीष चौधरी ने कहा कि जब तक सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी। इसमें चार दिन लगें या दस दिन, वह पीछे नहीं हटेंगे। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार ने वसूली के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता की ओर से पैसे दिए जाने का कोई ठोस साक्ष्य नहीं दिया गया है। धरने से चिकित्सकीय कार्य प्रभावित ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाला कुछ जरूरी सामान अस्पताल में उपलब्ध नहीं था, इसलिए बाहर से मंगवाया गया था। उन्होंने कहा कि धरने से चिकित्सकीय कार्य प्रभावित हो रहा है और इलाज के लिए आने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)