अयोध्या में कार ने बाइक को मारी टक्कर:दो युवकों को 100 मीटर तक घसीटा, दोनों गंभीर, कार छोड़कर चालक फरार
अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुमारगंज ओवरब्रिज के नीचे बवां मोड़ के पास बुधवार रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक को कार करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। दोनों युवकों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर किया गया है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार को रुकवाकर उसके नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला। इस दौरान कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घर लौट रहे थे दोनों युवक बवां बाजार, कुमारगंज निवासी अफरोज पुत्र मोहब्बत और तस्लीम पुत्र पीर मोहम्मद बुधवार रात करीब 11 बजे बाइक से घर जा रहे थे। अफरोज बाइक चला रहे थे और तस्लीम पीछे बैठे थे। दोनों कुमारगंज ओवरब्रिज के नीचे बवां मोड़ कट से मुड़े, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। कार के नीचे फंसे युवक को लोगों ने निकाला टक्कर के बाद तस्लीम कार के नीचे आ गए। कार उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार को रुकवाकर तस्लीम को बाहर निकाला। इसी बीच चालक कार छोड़कर फरार हो गया। दोनों के पैर में फ्रैक्चर स्थानीय लोग दोनों घायलों को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक अफरोज की जांघ की हड्डी टूट गई है, जबकि तस्लीम के पैर में कई जगह फ्रैक्चर हुआ है। दोनों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। एनडीए चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने गुरुवार को बताया कि दोनों घायलों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)