बागपत किसान दिवस में गूंजी अनदेखी की आवाज:DM के न पहुंचने से भड़के किसान, बोले- एक भी समस्या का नहीं हुआ समाधान

Nov 18, 2026 - 15:42
0
बागपत किसान दिवस में गूंजी अनदेखी की आवाज:DM के न पहुंचने से भड़के किसान, बोले- एक भी समस्या का नहीं हुआ समाधान
बागपत में विकास भवन सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी (DM) के न पहुंचने पर किसानों ने कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान एडीएम राजीव कुमार राय और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सैकड़ों किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने प्रशासन पर शिकायतों की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं हो रहा है। बिजली, गन्ना मूल्य और NHAI से जुड़ी समस्याओं पर घेरा किसान दिवस के दौरान किसानों ने बिजली कटौती, आवारा गोवंश से फसलों को हो रहे नुकसान, गन्ना भुगतान में देरी, गन्ना मूल्य बढ़ाने और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला अध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने कहा कि वे बुधवार को उम्मीद लेकर विकास भवन पहुंचे थे, लेकिन यहां एक भी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ, बल्कि पिछली बैठकों में उठाई गई शिकायतें भी जस की तस पड़ी हैं। समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी प्रताप गुर्जर ने बताया कि एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए हैं, लेकिन अब देखना यह होगा कि इन आदेशों पर कितना अमल होता है। वहीं, भाकियू के दिल्ली-एनसीआर महासचिव प्रदीप धामा ने चेतावनी दी कि किसान अपनी मांगों को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं; यदि जल्द ही समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे की रणनीति तैयार कर आंदोलन करने को बाध्य होगा। दोपहर करीब 2:30 बजे किसान दिवस की कार्यवाही संपन्न हुई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User