बांदा में ABVP कार्यकर्ताओं का कॉलेज गेट पर प्रदर्शन:17 साल से तैयार महिला छात्रावास नहीं खुलने पर नाराजगी; 9 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना
बांदा में पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में छात्रहित की मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने सोमवार को कॉलेज गेट के बाहर प्रदर्शन किया। दोपहर 11 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 3 बजे तक जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए 9 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग की। उनका सबसे बड़ा मुद्दा 17 साल से तैयार महिला छात्रावास का अब तक छात्राओं के लिए संचालन शुरू नहीं होना है। 17 साल से तैयार छात्रावास, अब तक नहीं हुआ शुरू ABVP जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता कॉलेज गेट के बाहर धरने पर बैठे हैं। कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि महिला छात्रावास शुरू कराने समेत कॉलेज की समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद जिला प्रशासन को 10 से अधिक ज्ञापन दे चुकी है, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो अनिश्चितकालीन अनशन भी शुरू किया जाएगा। जर्जर भवन और खेल मैदान की व्यवस्थाओं पर सवाल प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज के जर्जर भवनों की मरम्मत कराने और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा खेल मैदान में बाउंड्रीवाल बनवाने, पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पुस्तकालय में जरूरी किताबें उपलब्ध कराने की मांग रखी गई है। छात्रों ने परिसर की सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के साथ कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की भी मांग की। न्यूनतम 30 से 40% उपस्थिति की मांग ABVP कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में विद्यार्थियों की न्यूनतम 30 से 40 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित कक्षाएं चलना और छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित होना जरूरी है। कागजों में करोड़ों की खेल सामग्री, मैदान में सुविधा नहीं कार्तिकेय गुप्ता ने आरोप लगाया कि कॉलेज में करोड़ों रुपए की खेल सामग्री आने की बात कागजों में दर्ज है, लेकिन विद्यार्थियों को मैदान में खेलने के लिए पर्याप्त सामान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कॉलेज की व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग भी उठाई। गंदगी और काई से परिसर में अव्यवस्था का आरोप प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कॉलेज परिसर में जगह-जगह गंदगी और काई जमा है। कई स्थानों पर अव्यवस्था बनी हुई है। उन्होंने जर्जर भवनों को विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए उनकी तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। तीन बजे तक डीएम नहीं पहुंचे, गेट पर बैठे रहे कार्यकर्ता कार्तिकेय गुप्ता ने बताया कि वे एक घंटे से अधिक समय से कॉलेज गेट के बाहर बैठे हैं और जिलाधिकारी के आने का इंतजार कर रहे हैं। दोपहर 3 बजे तक डीएम प्रदर्शन स्थल पर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल से नहीं हटेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)