बांदा में स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 13.60% मतदान:दोपहर 12 बजे तक वोटिंग, 19,794 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
बांदा में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले में दोपहर 12 बजे तक 13.60 प्रतिशत मतदान हुआ है। इससे पहले सुबह 10 बजे तक 3.16 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। जिले के 19,794 मतदाता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। चुनाव के लिए जिले में 14 मतदान केंद्रों पर 22 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं। पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। जिले में कुल 19,794 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 14,052 पुरुष और 5,742 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जा रहा है। चुनाव में समाजवादी पार्टी के मौजूदा एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव और भाजपा के अशोक कुमार राठौर समेत कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 11 निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। बांदा के रमेश चंद्र दुबे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र के अलावा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट समेत अन्य मान्य दस्तावेज शामिल हैं। मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में मामूली लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटि होने पर भी पहचान की पुष्टि के बाद मतदान की अनुमति दी जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार धर्मेंद्र मतदान प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं। मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)