इलाहाबाद-झांसी MLC चुनाव: हरवारा बूथ के बाहर जीटी-रोड पर जाम:निजी और सरकारी वाहनों और वोटरों की भीड़ ने बढ़ाई मुसीबत

Oct 23, 2026 - 14:30
0
इलाहाबाद-झांसी MLC चुनाव: हरवारा बूथ के बाहर जीटी-रोड पर जाम:निजी और सरकारी वाहनों और वोटरों की भीड़ ने बढ़ाई मुसीबत
इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड एमएलसी (MLC) चुनाव की मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही प्रयागराज के सबसे व्यस्तम मार्ग जीटी रोड पर जाम लगने लगा। जिले के सबसे बड़े मतदान केंद्र उच्च प्राथमिक विद्यालय हरवारा के बाहर वोटरों की भीड़ और उनके वाहन खड़े होने के साथ ही प्रशासनिक गाड़ियों का आना जाना बढ़ा तो यातायात व्यवस्था के चरमराने लगी। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और फिर मतदाता ही नहीं बल्कि आम राहगीर और दैनिक यात्री देर तक जाम में फंसे रहने को मजबूर हो गए। हरवारा में 8 बूथ, 8004 वोटर और पार्किंग नहीं जीटी रोड के किनारे स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय हरवारा को इस चुनाव का सबसे बड़ा मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां 8 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां 8,004 मतदाताओं के मतदान की जिम्मेदारी है। विद्यालय परिसर छोटा होने और परिसर के बाहर कोई आधिकारिक पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण वोटरों ने अपने वाहन जीटी रोड के किनारे ही पार्क कर दिए। सुबह 8 बजे मतदान शुरू होते ही एक तरफ वोटरों की लाइनें लग गईं, तो दूसरी तरफ पुलिस, प्रशासन और राजनीतिक समर्थकों के वाहनों के हुजूम ने पूरी सड़क को घेर लिया। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने की थी आपत्ति जाम की इस गंभीर स्थिति ने चुनाव प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मतदान से पहले ही इस स्थान को केंद्र बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी। जीटी रोड के अमूमन व्यस्त रहने और पार्किंग के अभाव को देखते हुए किसी बड़े परिसर वाले स्कूल को केंद्र बनाना चाहिए था। प्रशासन ने आपत्ति नजरअंदाज की शुक्रवार सुबह से ही जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे मतदाताओं और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा प्रशासन के इस ढुलमुल रवैये पर साफ देखने को मिला। जब प्रशासन को मालूम था कि हरवारा केंद्र पर 8 हजार से ज्यादा वोटर आएँगे, तो इतनी कम जगह और बिना पार्किंग वाले स्कूल को केंद्र चुनना ही बड़ी भूल थी। इसके बजाय जीटी रोड से हटकर किसी बड़े क्षेत्रफल और पर्याप्त पार्किंग सुविधा वाले कॉलेज में बूथ बनाए जाने चाहिए थे। लोकतंत्र के पर्व में भाग लेने आए लोग यहाँ भीषण जाम और अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। वैसे जाम से निपटने के लिए पुलिस और यातायात विभाग के अतिरिक्त जवानों को मौके पर उतारा गया है। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण मुख्य मार्ग पर ही वाहनों का जमावड़ा लगा रहा और यातायात सामान्य होने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User