हरदोई में मानदेय नहीं मिलने पर केयरटेकर महिलाओं का प्रदर्शन:5 साल से नहीं मिला वेतन, DM को सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन
हरदोई जनपद में जनकल्याण केयरटेकर संगठन के बैनर तले कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार की दोपहर 1 बजे सैकड़ों सामुदायिक शौचालय केयरटेकर महिलाओं ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बीते कई सालों से मानदेय न मिलने से नाराज महिलाओं ने डीएम को सम्बोधित ज्ञापन जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपा। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) ने बताया कि जिले में तैनात केयरटेकर महिलाएं पिछले 5 सालों से अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा के साथ दे रही हैं, लेकिन इसके बावजूद कई महीने और सालों से उनका मानदेय रुका हुआ है। आरोप है कि इस संबंध में शासन स्तर पर पत्राचार होने के बाद भी निचले स्तर पर तैनात ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान लापरवाही बरत रहे हैं। मानदेय न मिलने से केयरटेकर महिलाओं के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने अपनी पांच प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। उन्होंने मांग की कि रुका हुआ मानदेय तत्काल जारी किया जाए और किसी भी केयरटेकर को बिना नोटिस दिए न हटाया जाए। साथ ही मानदेय का भुगतान स्वयं सहायता समूह के खाते के बजाय सीधे केयरटेकर के व्यक्तिगत खाते में करने, पिछले पांच सालों से कार्यरत महिलाओं के मानदेय में बढ़ोतरी करने तथा सभी को ईपीएफ और ईएसआई स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही उनकी मांगों पर विचार कर ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार, महामंत्री अमित कुमार, विधिक सलाहकार सुशील कुमार, महिला प्रकोष्ठ से रेनू समेत राधा नीलम, आरती, पूजा, संजना, संगीता, रूबी, छोटी बिटिया, महक, सुनीता, अनीता, कविता, माहेश्वरी आदि रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)