बदले रूप में नजर आएगी नक्षत्रशाला:कर सकेंगे नए रोमांच का अनुभव; 97 प्रतिशत काम पूरा
गोरखपुर की जिस नक्षत्रशाला (तारामंडल) को आपने देखा होगा, उसका स्वरूप अब बदल चुका है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) 62 करोड़ रुपये से इसका कायाकल्प कर रहा है। लगभग 97 प्रतिशत काम पूरा भी हो चुका है। यहां आने वाले लोगों को अब नए रोमांच का अनुभव हो सकेगा। बच्चों को खेल-खेल में विलुप्त हो चुके डायनासोर, खगोल विज्ञान के रहस्य को जानने का मौका मिलेगा। अब जल्द ही इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराया जाएगा। वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला और महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क को आधुनिक स्वरूप देने का काम आखिरी चरण में पहुंच गया है। यहां विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डिजिटल तकनीक, थ्री-डी शो, प्रयोगों और मनोरंजक गतिविधियों के जरिये बच्चे विज्ञान को देखकर, समझकर और अनुभव करके सीख सकेंगे।
4K प्रोजेक्शन से अंतरिक्ष की सैर, इनोवेशन लैब में प्रयोग का मौका नक्षत्रशाला में 4k डिजिटल प्रोजेक्शन और थ्री-डी शो दर्शकों को अंतरिक्ष की दुनिया का नया अनुभव देंगे। उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल तस्वीरों के जरिये ग्रहों, तारों और खगोलीय घटनाओं को अधिक स्पष्टता से समझने का अवसर मिलेगा। एस्ट्रोनामी गैलरी में खगोल विज्ञान की जानकारी मिलेगी, जबकि प्राचीन गैलरी अतीत की वैज्ञानिक समझ और विरासत से परिचित कराएगी। फन साइंस और साइंस पार्क में विज्ञान के सिद्धांतों को गतिविधियों के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा। इनोवेशन लैब विद्यार्थियों में प्रयोग करने, नए विचार विकसित करने और समस्याओं का समाधान खोजने की रुचि बढ़ाएगी। डायनासोरियम प्राचीन जीव-जगत के बारे में जानने की उत्सुकता जगाएगा। वहीं, ओपन एयर थिएटर में खुले वातावरण में कार्यक्रमों और प्रस्तुतियों का आनंद लिया जा सकेगा। नए झूले बच्चों के मनोरंजन को बढ़ाएंगे। परिसर में कैफेटेरिया, स्मृति चिह्न की दुकान, टिकट घर और वाहन पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, जिससे परिवारों और पर्यटकों को भ्रमण के दौरान सहूलियत मिलेगी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की स्वीकृति से GDA इस परियोजना को पूरा करा रहा है। अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। वर्तमान में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), मुख्य प्रवेश द्वार, ओपन एयर थिएटर के टेंसाइल फैब्रिक और स्पेस गैलरी सहित कुछ हिस्सों में अंतिम चरण का काम चल रहा है। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि नक्षत्रशाला का काम लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही इसका लोकार्पण कराया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)