फर्रुखाबाद स्टेशन पर GRP ने परिवार को छूटा बैग लौटाया:शादी में जा रहे परिवार का 20 लाख के जेवरों से भरा था बैग
फर्रुखाबाद में मुंबई से शाहजहांपुर शादी में शामिल होने जा रहे एक परिवार का करीब 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरा ट्रॉली बैग फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर छूट गया। जीआरपी ने चेकिंग के दौरान रविवार शाम बैग बरामद किया। इसके बाद डीसीआर के माध्यम से आसपास के जिलों में सूचना भेजकर बैग के मालिक की तलाश शुरू की गई। सोमवार शाम परिवार के सदस्य जीआरपी थाने पहुंचे। सामान की पहचान कराने के बाद पुलिस ने बैग उन्हें सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर परिवार ने जीआरपी टीम का आभार जताया। रविवार सुबह स्टेशन पर छूट गया था बैग ठाणे निवासी हुस्न असलम अंसारी रविवार को परिवार के 8 से 10 सदस्यों के साथ बांद्रा-जयपुर ट्रेन से फर्रुखाबाद पहुंचे थे। उन्हें शाहजहांपुर में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होना था। स्टेशन पर करीब एक घंटे रुकने के बाद परिवार दो ऑटो से शाहजहांपुर के लिए रवाना हो गया। इस दौरान उनका एक ट्रॉली बैग स्टेशन परिसर में ही छूट गया। चेकिंग के दौरान जीआरपी को मिला बैग रविवार शाम करीब 5:30 बजे जीआरपी इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश शर्मा अपनी टीम के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें स्टेशन परिसर में एक लावारिस ट्रॉली बैग दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई उसके बारे में जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद जीआरपी टीम बैग को थाने ले गई। तलाशी लेने पर उसमें सोने-चांदी के जेवर और 25 हजार रुपए नकद मिले। इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों और एएसपी को दी गई। साथ ही डीसीआर के माध्यम से आसपास के जिलों में सूचना प्रसारित कराई गई। चेकिंग के दौरान खींची गई फोटो से हुई पहचान जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि रविवार सुबह जब परिवार ट्रेन से उतरा था, तब वह स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। उस दौरान परिवार और उनके सामान की फोटो भी खींची गई थी। शाम को लावारिस हालत में बैग मिलने के बाद चेकिंग के दौरान खींची गई फोटो देखी गई तो उसमें परिवार के साथ यही बैग दिखाई दिया। इससे बैग किसी यात्री का होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके मालिक तक पहुंचने के लिए डीसीआर पर सूचना दी गई। बैग में मिले लाखों के जेवर और 25 हजार रुपए बैग में एक लेडीज पर्स में अंगूठी, एक जोड़ी कान के झाले और एक लॉकेट मिला। इसके अलावा एक जोड़ी पाजेब, चांदी का लॉकेट और 25 हजार रुपए नकद रखे थे। एक डिब्बी में बच्चों की दो छोटी अंगूठियां, एक टीका और सोने की नथ थी। काली डिब्बी में एक जोड़ी टॉप्स, एक टूटी अंगूठी और माला में पिरोया हुआ सोने का पेंडल मिला। एक अन्य डिब्बी में नाक की दो पिन, महिलाओं की दो बड़ी और चार छोटी अंगूठियां, एक ब्रेसलेट और सोने की माला रखी थी। इसके अलावा गले के चार हार, कान के तीन जोड़ी झाले और छोटे-बड़े कुल 25 कपड़े भी बैग में थे।
सामान पहचानने पर परिवार को सौंपा बैग जीआरपी इंस्पेक्टर के मुताबिक, परिवार को रविवार रात करीब 10 बजे शाहजहांपुर पहुंचने के बाद कपड़े बदलने के लिए बैग की जरूरत पड़ी। तब उन्हें बैग गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी। वहां से उन्हें पता चला कि बैग फर्रुखाबाद जीआरपी थाने में सुरक्षित रखा है। इसके बाद परिवार के सदस्य जीआरपी थाने पहुंचे। सामान की पहचान और पुष्टि के बाद पुलिस ने बैग उनके सुपुर्द कर दिया। बैग मिलने पर हुस्ना अंसारी और उनके परिजनों ने जीआरपी टीम की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)