भारत को शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड और ब्रॉन्ज:ईशा, मनु और दिव्या ने 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट जीता; पुरुषों की टीम तीसरे स्थान पर

Nov 10, 2026 - 18:59
0
भारत को शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड और ब्रॉन्ज:ईशा, मनु और दिव्या ने 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट जीता; पुरुषों की टीम तीसरे स्थान पर
भारत ने ISSF शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में मंगलवार को एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता। ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या थाडिगोल सुब्बाराजू की तिकड़ी ने महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में गोल्ड अपने नाम किया। वहीं, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, अखिल श्योराण और नीरज कुमार ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस टीम इवेंट में ब्रॉन्ज जीता। महिलाओं की टीम ने कुल 1761 पॉइंट हासिल किए। साउथ कोरिया 1748 पॉइंट के साथ दूसरे और वियतनाम 1745 पॉइंट लेकर तीसरे स्थान पर रहा। यह इस चैंपियनशिप में भारत का दूसरा गोल्ड है। इससे पहले पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम ने भी गोल्ड जीता था। ईशा ने सबसे ज्यादा 590 पॉइंट जुटाए 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में भारत की तीनों खिलाड़ियों के स्कोर को जोड़कर टीम की रैंकिंग तय होती है। ईशा ने 590, मनु ने 587 और दिव्या ने 584 पॉइंट हासिल किए। ईशा का स्कोर टीम में सबसे ज्यादा रहा। इस इवेंट में खिलाड़ियों को दो हिस्सों में निशाना लगाना होता है। पहले प्रिसिजन राउंड में निशाना लगाने के लिए ज्यादा समय मिलता है। इसके बाद रैपिड राउंड होता है, जिसमें तय समय के भीतर तेजी से फायर करना पड़ता है। ईशा ने प्रिसिजन में 292 और रैपिड में 298 पॉइंट बनाए। मनु ने दोनों राउंड में क्रमशः 289 और 298 पॉइंट हासिल किए। दिव्या के खाते में प्रिसिजन के 289 और रैपिड के 295 पॉइंट आए। भारतीय टीम ने रैपिड राउंड में खास तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने इस हिस्से में कुल 891 पॉइंट जुटाए। ईशा और मनु व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचीं टीम गोल्ड के साथ ईशा और मनु ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बनाई। दो दिन तक चले क्वालिफिकेशन राउंड में ईशा 590 पॉइंट के साथ तीसरे और मनु 587 पॉइंट के साथ छठे स्थान पर रहीं। दिव्या 584 पॉइंट के साथ 10वें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। ईशा ने सोमवार के प्रिसिजन राउंड में 292 पॉइंट बनाए थे। मंगलवार के रैपिड राउंड में उन्होंने 100, 98 और 100 पॉइंट की सीरीज के साथ 298 पॉइंट जुटाए। वहीं, मनु ने भी प्रिसिजन में 289 पॉइंट बनाने के बाद रैपिड राउंड में 99, 99 और 100 पॉइंट हासिल कर वापसी की। हालांकि, व्यक्तिगत फाइनल में दोनों खिलाड़ी मेडल नहीं जीत सकीं। मनु 27 हिट के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि ईशा 11 हिट के साथ आठवें स्थान पर रहीं। व्यक्तिगत मेडल से मिलेगा ओलिंपिक कोटा महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा का फाइनल भारत के लिए इसलिए भी अहम था, क्योंकि इसके तीनों मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के देशों को 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक का कोटा प्लेस मिलेगा। ईशा और मनु दोनों के फाइनल में पहुंचने से भारत के पास दो कोटा प्लेस हासिल करने का मौका था। इस चैंपियनशिप में भारत के लिए जयपाल मालवीय पहले ही ओलिंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर जीतकर लॉस एंजिलिस ओलिंपिक के लिए भारत का पहला शूटिंग कोटा दिलाया था। पुरुषों की राइफल टीम ने करीबी मुकाबले में जीता ब्रॉन्ज इससे पहले ऐश्वर्य, अखिल और नीरज की टीम ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस इवेंट में 1751 पॉइंट के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। चेकिया ने 1754 पॉइंट के साथ गोल्ड और नॉर्वे ने 1752 पॉइंट लेकर सिल्वर जीता। भारत और सिल्वर जीतने वाली नॉर्वे की टीम के बीच सिर्फ एक पॉइंट का अंतर रहा। इस इवेंट को समझने के लिए इसके नाम में शामिल 'थ्री पोजिशंस' का मतलब जानना जरूरी है। इसमें खिलाड़ी को तीन अलग-अलग पोजीशन में खड़े होकर निशाना लगाना होता है। पहली घुटने के बल बैठकर (निलिंग), दूसरी पेट के बल लेटकर (प्रोन) और तीसरी सीधे खड़े होकर (स्टैंडिंग) होती है। तीनों पोजिशंस के स्कोर जोड़कर खिलाड़ी का कुल स्कोर बनता है। ऐश्वर्य ने 587 पॉइंट बनाए, जबकि नीरज और अखिल दोनों के खाते में 582-582 पॉइंट आए। ऐश्वर्य टीम के सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले निशानेबाज रहे। 11 नवंबर को ऐश्वर्य पर रहेंगी नजरें चैंपियनशिप में भारत का अगला मुकाबला 11 नवंबर को पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस की व्यक्तिगत स्पर्धा में होगा। टीम इवेंट में हिस्सा लेने वाले ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर इस मुकाबले में भी निशाना लगाएंगे। ------------------------ यह खबर भी पढ़ें… दावा-मुंबई से 10 सीजन IPL खेल चुके हार्दिक फ्रेंचाइजी छोड़ेंगे:पंजाब से जुड़ेंगे, टीम छोड़ने की इच्छा जताई थी; अर्शदीप मुंबई इंडियंस जाएंगे IPL में 10 सीजन मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले हार्दिक पंड्या अब फ्रेंचाइजी छोड़ेंगे। वे पंजाब किंग्स से खेलेंगे। वहीं लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई की टीम में आएंगे। मुंबई और पंजाब के बीच ट्रेड हुआ है। पूरी खबर पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User