आगरा में कई जगह सजे गोवर्धन महाराज, गूंजे जयकारे:अन्नकूट प्रसादी के लिए उमड़े श्रद्धालु, लगाई परिक्रमा
आगरा में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर में जगह-जगह गोवर्धन महाराज की प्रतिमाएं सजाकर पूजा-अर्चना की गई। नवीन गल्ला मंडी, बेलनगंज, फुलट्टी बाजार स्थित कुंचेश्वर साधुराम मंदिर और बी ब्लॉक स्थित बाल विहार पार्क सहित कई स्थानों पर गोवर्धन पूजन के आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा कर परिक्रमा लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान अन्नकूट का भोग लगाकर प्रसादी वितरित की गई। बी ब्लॉक स्थित बाल विहार पार्क में श्री गोवर्धन लीला कमेटी की ओर से गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। कमेटी की ओर से लगातार 18वीं बार आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया। कार्यक्रम में भगवान गोवर्धन महाराज का भव्य श्रृंगार किया गया। फूलों और आकर्षक सजावट से सजे गोवर्धन महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की गई। आयोजन का मुख्य आकर्षण अन्नकूट प्रसादी रही। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट की प्रसादी वितरित की गई। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा पार्क परिसर गूंज उठा। आयोजकों ने बताया कि गोवर्धन पूजा का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाता है। कमेटी की ओर से पिछले 18 वर्षों से लगातार इस परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। कार्यक्रम में आयोजक सुरेश शर्मा, सुधीर जैन, बंटी गुप्ता, प्रशांत शर्मा, सचिन गुप्ता, दमन गुप्ता, आशीष गुप्ता और गोपाल यादव सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)