BHU में 22 छात्रों ने किया भूख हड़ताल:केन्द्रीय कार्यालय के बाहर ABVP का चल रहा अनिश्चितकालीन धरना,चीफ प्राक्टर को हटाने की कर रहे मांग

Sep 28, 2026 - 16:04
0
BHU में 22 छात्रों ने किया भूख हड़ताल:केन्द्रीय कार्यालय के बाहर ABVP का चल रहा अनिश्चितकालीन धरना,चीफ प्राक्टर को हटाने की कर रहे मांग
काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को छठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के छठवें दिन करीब 22 कार्यकर्ताओं और विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल की। भूख हड़ताल के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि छात्रहित और विश्वविद्यालय की व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर यह आंदोलन शुरू किया गया है। आंदोलन के तहत लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। छठवें दिन छात्रों ने सांकेतिक भूख हड़ताल के जरिए अपनी मांगों को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया। भगत सिंह की जयंती को समर्पित की भूख हड़ताल शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित सांकेतिक भूख हड़ताल को अभाविप कार्यकर्ताओं ने उनके साहस, संघर्ष और छात्र-युवा चेतना को समर्पित किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भगत सिंह ने युवाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। इसी भावना के साथ छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान अभाविप बीएचयू इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रहित और विश्वविद्यालय की गरिमा से जुड़े विषयों पर संगठन किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू किया गया आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। उनके मुताबिक संगठन छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष लगातार अपनी बात रख रहा है। इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास के बावजूद अभाविप छात्रहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों के साथ संवाद स्थापित करने और उनकी मांगों पर समयबद्ध तरीके से लिखित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User