'बिलियर्ड्स-स्नूकर को TV पर जगह मिले':29 बार के वर्ल्ड चैंपियन पंकज आडवाणी बोले- चीन और ब्रिटेन में प्रोफेशनल सर्किट, भारत में भी बने
भारत में बिलियर्ड्स और स्नूकर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ टेलीविजन प्रसारण और प्रोफेशनल लीग की जरूरत है। चीन-ब्रिटेन जैसे देशों में इस खेल का व्यवस्थित प्रोफेशनल सर्किट है, जहां खिलाड़ियों को अच्छी प्राइज मनी और पहचान मिलती है। यह कहना है 29 बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी का। वे इंदौर में आयोजित विश्व बिलियर्ड्स एवं स्नूकर चैंपियनशिप में अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। उनका मानना है कि शहर में चैंपियनशिप की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए आडवाणी ने कहा कि मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर एसोसिएशन ने आयोजन के लिए शानदार मेहनत की है। टियर-2 शहर में विश्व चैंपियनशिप होना गर्व की बात है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने खेल के भविष्य, अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं, युवा खिलाड़ियों, ओलंपिक में शामिल होने की संभावनाओं और अपने परिवार के योगदान पर खुलकर बात की। सवाल: बिलियर्ड्स-स्नूकर को आगे बढ़ाने किस तरह के प्रयासों की जरूरत है? जवाब: इंदौर ने बहुत अच्छा काम किया है। खासकर मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर एसोसिएशन ने इस विश्व चैंपियनशिप के आयोजन के लिए काफी मेहनत की है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग और अच्छी सुविधाएं जरूरी होती हैं। यहां यशवंत क्लब में टेबल, आयोजन स्थल और खिलाड़ियों के खानपान की व्यवस्थाएं शानदार हैं। मौसम भी बहुत अच्छा है। भारत में इस तरह के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और होने चाहिए। इससे भारतीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के ज्यादा अवसर मिलेंगे। सवाल: अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट के लिए मध्य प्रदेश, खासकर इंदौर में किन सुविधाओं का होना जरूरी है? जवाब: सबसे जरूरी विश्वस्तरीय टेबल हैं। इंदौर में लगाई गई टेबल दुनिया की बेहतरीन टेबलों में शामिल हैं। इन्हें अंतरराष्ट्रीय महासंघ (IBSF) आयोजकों को उपलब्ध कराता है। इसके अलावा एयर-कंडीशंड हॉल और पर्याप्त जगह वाले आयोजन स्थल की जरूरत होती है। यहां का वेन्यू काफी सुंदर है। हालांकि, आयोजन स्थल थोड़ा बड़ा होता तो दर्शकों के बैठने की क्षमता भी बढ़ सकती थी। खिलाड़ियों के लिए होटल और ठहरने की व्यवस्थाएं अच्छी हैं। विदेशी खिलाड़ी भी यहां अपने प्रवास का आनंद ले रहे हैं।एक महत्वपूर्ण पहलू शहर की कनेक्टिविटी भी है। सवाल: बिलियर्ड्स और स्नूकर के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती क्या है? जवाब: मेरे हिसाब से सबसे बड़ी चुनौती टेलीविजन पर इस खेल को पर्याप्त जगह नहीं मिलना है। फेडरेशन और खेल से जुड़े लोगों को इसके प्रसारण के लिए प्रयास करने चाहिए। यदि छोटी अवधि की लीग, प्रोफेशनल टूर्नामेंट या व्यक्तिगत प्रतियोगिताएं शुरू की जाएं तो काफी फायदा होगा। आदर्श रूप से कबड्डी की तरह स्नूकर के लिए भी एक लीग फॉर्मेट विकसित होना चाहिए। इससे खिलाड़ियों को पहचान मिलेगी और खेल की लोकप्रियता बढ़ेगी। सवाल: स्नूकर को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए क्या करना होगा? जवाब: क्रिकेट की लोकप्रियता बहुत ज्यादा है। मुझे नहीं लगता कि बिलियर्ड्स और स्नूकर इतनी आसानी से क्रिकेट के स्तर तक पहुंच पाएंगे। क्रिकेट अब सिर्फ खेल नहीं, बल्कि बड़ा व्यवसाय बन चुका है। इससे काफी पैसा और व्यावसायिक गतिविधियां जुड़ी हैं। मैंने कई देशों में टूर्नामेंट खेले हैं। चीन में स्नूकर और हेबॉल जैसे खेल काफी लोकप्रिय हैं। इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, आयरलैंड और वेल्स में स्नूकर का व्यवस्थित प्रोफेशनल सर्किट है। वहां खिलाड़ियों को अच्छी प्राइज मनी मिलती है और मुकाबलों का टेलीविजन पर प्रसारण भी होता है। भारत में भी ऐसी व्यवस्था विकसित हो तो खेल को बहुत फायदा होगा। हमारे दर्शकों की पसंद थोड़ी अलग है। स्नूकर, शूटिंग और तीरंदाजी जैसे खेलों में तकनीक और एकाग्रता महत्वपूर्ण होती है। इन्हें समझने के लिए दर्शकों को खेल की बारीकियों में रुचि लेनी पड़ती है। सवाल: इतने विश्व खिताब जीतने के बाद भी एक खिलाड़ी के भीतर जीतने की भूख कैसे बनी रहती है? जवाब: मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण अपने देश का प्रतिनिधित्व करना और भारत को गौरवान्वित करना है। मुझे यह खेल खेलना पसंद है और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का उत्साह हमेशा बना रहता है। मैं यह नहीं सोचता कि कौन-सा खिताब जीतना है। मेरा प्रयास रहता है कि खेल का आनंद लूं और अपने देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं। सवाल: युवा खिलाड़ी यूट्यूब और वीडियो से खेल की तकनीक सीख रहे हैं। क्या इससे उन्हें मदद मिलती है? जवाब: बिल्कुल। जब मैंने करीब 20-25 साल पहले प्रतिस्पर्धात्मक रूप से खेलना शुरू किया था, तब आज जैसी तकनीक और यूट्यूब वीडियो उपलब्ध नहीं थे। उस समय हमें दूसरे खिलाड़ियों को प्रत्यक्ष देखकर सीखना पड़ता था। मैंने हाल ही में कुछ युवा खिलाड़ियों के साथ खेला है। रयान राजमानी और श्रीकृष्णा जैसे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जूनियर खिलाड़ी लगातार बेहतर हो रहे हैं। मैंने अपने समय में गीत सेठी, यासिन मर्चेंट और अपने कोच अरविंद सावर जैसे खिलाड़ियों को देखकर खेल सीखा है। सवाल: बिलियर्ड्स और स्नूकर को ओलिंपिक में शामिल किए जाने की चर्चा है। इसे किस तरह देखते हैं? जवाब: मुझे लगता है कि इसके लिए लॉबिंग की जरूरत है। हालांकि, इस बारे में सही जवाब अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं ही दे सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय महासंघ को बताना चाहिए कि किन कारणों से ये खेल ओलंपिक में शामिल नहीं हो पाए और इन्हें जगह दिलाने के लिए किस तरह के प्रयास किए जाने चाहिए। सवाल: आपके आपके लंबे खेल करियर में परिवार का कितना योगदान रहा है? जवाब: मेरी मां और मेरे भाई का मेरे जीवन और करियर में बहुत बड़ा योगदान है। मेरे भाई श्री मुझसे करीब साढ़े सात साल बड़े हैं और स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट हैं। मां ने भी शुरुआत से ही मेरा बहुत साथ दिया है। जब मैंने खेलना शुरू किया, तभी से दोनों लगातार मुझे प्रोत्साहित करते रहे हैं। आज मैं जिस मुकाम पर हूं, उसमें उनका बहुत बड़ा योगदान है। मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)