घर के सपने सजोए थे, अब बेघर हुए 11 परिवार:बोले- फ्लैट नहीं खुला तो आत्महत्या के सिवा कोई रास्ता नहीं बचेगा
जिस आशियाने को खरीदने में पूरी जिंदगी भर की कमाई लगा दी… आज उसी घर के दरवाजे पर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं... किसी के घर का चिराग इस आग में बुझ गया… तो किसी ने अपनी पत्नी को खो दिया…16 नवंबर को पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट में लगी आग ने सिर्फ घरों को नहीं झुलसाया… कई परिवारों के सपने भी राख कर दिए… हादसे के 5 दिन बाद भी इन परिवारों के आंसू नहीं सूखे हैं… अब उन्हें अपनों को खोने के दर्द के साथ अपना आशियाना उजड़ने का डर भी सता रहा है… राधिका अपार्टमेंट में आग लगने के बाद यहां रहने वाले 11 परिवारों की जिंदगी दो हिस्सों में बंट गई है। एक वह जिंदगी, जिसमें अपना घर था, परिवार था और भविष्य के सपने थे। दूसरी वह जिंदगी, जिसमें न रहने का ठिकाना है और न ही यह भरोसा कि कब दोबारा अपने घर लौट पाएंगे। इस अग्निकांड में किसी ने अपना बेटा खोया तो किसी ने अपनी पूरी उम्र की कमाई से खरीदे आशियाने को खोने का डर पाल लिया। अब अपार्टमेंट में केडीए का नोटिस चस्पा होने के बाद लोगों को डर है कि कहीं सुरक्षा के नाम पर उनका घर ही उनसे न छिन जाए। देखिए 3 तस्वीरें… KDA के नोटिस ने बढ़ाई चिंता अब केडीए के नोटिस ने पीड़ित परिवारों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का सवाल है कि अगर बिल्डिंग अवैध थी तो निर्माण के वक्त जिम्मेदार अधिकारी कहां थे? बिल्डर और अधिकारियों की लापरवाही की सजा आखिर फ्लैट खरीदने वाले परिवार क्यों भुगतें? अपना घर होते हुए भी बेघर हुए इन लोगों की एक ही गुहार है बिल्डिंग की खामियां दूर कराइए, लेकिन हमारा आशियाना मत छीनिए। ‘जीवनभर की कमाई लगाई, अब कहां जाएंगे’ अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 401 में रहने वालीं पूजा अग्रवाल की आवाज में अपना घर छिनने का डर साफ झलकता है। उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किलों से जीवनभर की जमा-पूंजी इकट्ठा करके फ्लैट खरीदा था। घर खरीदते समय कितने सपने देखे थे, लेकिन अब अपना घर होते हुए भी बेघर होना पड़ रहा है। पूजा कहती हैं कि प्रशासन को यह कदम बिल्डिंग बनते समय उठाना चाहिए था। अगर अपार्टमेंट अवैध था तो उस समय निर्माण की अनुमति देने वाले अधिकारी कहां थे? किसकी मिलीभगत से बिल्डिंग तैयार हुई? अब जब परिवार यहां रह रहे हैं और अपनी पूरी पूंजी लगा चुके हैं, तब कार्रवाई की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि हम लोग बुरी तरह फंस चुके हैं। प्रशासन से हमारी गुजारिश है कि बिल्डिंग में जो भी सुरक्षा मानक पूरे नहीं हैं, उन्हें पूरा कराया जाए और सभी फ्लैट मालिकों को उनके घर वापस दिए जाएं। आखिर अपना घर होते हुए भी कितने दिन रिश्तेदारों के यहां या किराए के मकान में रहेंगे? दो दिन होटल में गुजारे, अब किराए का मकान लेना पड़ा फ्लैट नंबर 402 में रहने वालीं मोनिशा जैन की परेशानी भी कम नहीं है। अग्निकांड के बाद परिवार के साथ दो दिन होटल में रुकना पड़ा। न रहने का ठिकाना था और न ही खाने-पीने की कोई व्यवस्था। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से भी प्रभावित परिवारों के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया। मोनिशा बताती हैं कि होटल में आखिर कब तक रह सकते थे? रिश्तेदारों के यहां भी कितने दिन तक परिवार के साथ बोझ बनकर रहेंगे? मजबूरी में अब किराए का मकान लेना पड़ा है। एक तरफ अपने घर की चिंता है, दूसरी तरफ किराए का खर्च और रोजमर्रा की जिंदगी चलाने की परेशानी। वह कहती हैं कि हमारी सारी पूंजी इसी फ्लैट में लगी है। अगर अपार्टमेंट ध्वस्त किया गया तो हमारे पास कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि ऐसी स्थिति में उनके सामने आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। हमें कोई दूसरा घर नहीं चाहिए, बस हमारा यही फ्लैट सुरक्षित हालत में वापस मिल जाए। रिश्तेदारों के यहां कब तक रहेंगे, बस घर लौटना चाहते हैं राधिका अपार्टमेंट में रहने वाले रचित अग्रवाल भी फिलहाल रिश्तेदार के यहां रहने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि हादसे के बाद से परिवार का अपना ठिकाना नहीं रहा। रिश्तेदारों के यहां रहना अस्थायी व्यवस्था है। आखिर कब तक किसी दूसरे के घर पर रहेंगे?
रचित की मांग है कि अपार्टमेंट की मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर किया जाए, ताकि सभी परिवार फिर से अपने फ्लैट में लौट सकें। उनके लिए यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि परिवार की जिंदगी और कई सालों की मेहनत से बनाया गया आशियाना है। बेटे को खोया, पत्नी अस्पताल में भर्ती, अब घर छिनने का डर इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू फ्लैट नंबर 502 में रहने वाले अनिल बाथम का परिवार है। अग्निकांड में उनका 16 साल का बेटा जिंदगी की जंग हार गया। पत्नी मीता आग में झुलस गईं और अभी उर्सला अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार पहले ही बेटे को खोने के दर्द से गुजर रहा है। अब अपार्टमेंट पर कार्रवाई की आशंका ने चिंता और बढ़ा दी है। अनिल का कहना है कि अगर केडीए ने बिल्डिंग ध्वस्त कर दी तो यहां रहने वाले सभी परिवार सड़क पर आ जाएंगे। उनके पास रहने का कोई दूसरा ठिकाना नहीं है। इतनी आर्थिक क्षमता भी नहीं कि दोबारा घर खरीद सकें। उन्होंने मांग की है कि पुलिस जांच कर बिल्डर को गिरफ्तार करे और जिन भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से ऐसी बिल्डिंग तैयार हुई, उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो। उनका सवाल है कि गलती बिल्डर और जिम्मेदार अधिकारियों की है तो इसकी सजा आम परिवारों को क्यों मिले?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)