कुएं में मिले-धड़ के मामले में प्रधान-समेत 9 पर FIR:नदी में 5 घंटे तलाश के बाद भी सिर नहीं मिला
शाहजहांपुर के सियूडी गांव में कुएं से मिले धड़ के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक की पत्नी पूजा की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार रात ग्राम प्रधान समेत 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। परिवार ने चुनाव में वोट न देने को लेकर विवाद और हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस ने घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर नदी में पांच घंटे तक सिर की तलाश कराई, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस अब डीएनए जांच से शव की पहचान की पुष्टि कराएगी। पोस्टमार्टम हाउस में पत्नी ने की थी पहचान कुएं में धड़ मिलने के बाद उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। गांव के लोगों ने भी शव को पहचानने से इनकार कर दिया था। अगले दिन बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं पूजा ने शव की पहचान अपने पति विनोद के रूप में की। उन्होंने बताया कि विनोद करीब एक साल से लापता थे। उनके पैर में बंधे धागे से पहचान हुई। शव के पास मिले बैग में विनोद के नाम का आधार कार्ड भी मिला था। चुनाव में वोट न देने पर विवाद का आरोप पूजा और उनके बेटे ने ग्राम प्रधान राजेश पर विनोद से चुनाव में वोट न देने को लेकर विवाद करने का आरोप लगाया है। परिवार के मुताबिक, प्रधान और अन्य लोगों ने विनोद के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए थे। विनोद करीब एक साल पहले जेल से छूटकर आए थे। आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट हुई और फिर वह लापता हो गए। प्रधान के भाई और बेटों समेत 9 पर केस पूजा की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम प्रधान राजेश, उनके भाई मुकेश और योगेश, प्रधान के दो बेटों समेत 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जाम भी लगाया था। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। डीएनए जांच से होगी शव की पहचान की पुष्टि पुलिस को आशंका है कि शव की पहचान विनोद के रूप में गलत भी हो सकती है। शव का सिर नहीं मिला है और बैग में मिले आधार कार्ड से ही पहचान का एक आधार सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, विनोद के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज थे और वारंट जारी होने के बाद भी वह न्यायालय में पेश नहीं हुए थे। अब परिवार के सदस्यों के डीएनए सैंपल की जांच कराकर शव की पहचान की पुष्टि की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)