बिना हेलमेट बाइक चला रहा युवक डिवाइडर से टकराया, मौत:बांदा के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हादसा; मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहा था
बांदा जनपद में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात करीब 9 बजे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मनीष विश्वकर्मा (26) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उसे बिसंडा पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्राखुर्द गांव निवासी मनीष विश्वकर्मा पुत्र मोतीलाल के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात मनीष अपनी मां संगीता को चित्रकूट जिले के मारकुंडी स्थित ननिहाल छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 18 के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के समय वह हेलमेट नहीं पहने था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल मनीष को बिसंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भुवनेश्वर में मजदूरी करता था मनीष मनीष दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दो बहनें भी हैं। करीब तीन साल पहले उसकी शादी मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझगवां निवासी मानवी से हुई थी। उसकी दो साल की बेटी मन्या है। मनीष भुवनेश्वर में रहकर मजदूरी करता था और चार दिन पहले ही घर लौटा था। मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम मनीष की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां संगीता और पत्नी मानवी का रो-रोकर बुरा हाल है। चार दिन पहले घर लौटे मनीष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी दो साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)