राशन दुकान पर गेहूं-चावल कम मिला:ललितपुर में कोटेदार सुजाता देवी और भतीजे राहुल पर एफआईआर

Nov 19, 2026 - 13:06
0
राशन दुकान पर गेहूं-चावल कम मिला:ललितपुर में कोटेदार सुजाता देवी और भतीजे राहुल पर एफआईआर
ललितपुर जिले के अंधियारी गांव में राशन दुकान पर गेहूं और चावल कम मिलने के बाद महिला कोटेदार सुजाता देवी और उनके भतीजे राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन ने 18 नवंबर की शाम 7 बजे जखौरा पुलिस में शिकायत दी। दीपक जैन ने शासन और जिला प्रशासन के निर्देश पर 13 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे दुकान का औचक निरीक्षण किया था। दुकान खुली थी और सुजाता देवी के भतीजे राहुल कार्डधारकों को राशन बांट रहे थे। पूछने पर बताया गया कि कोटेदार भैंस लेकर कहीं गई हैं। निरीक्षण के दौरान दुकान पर स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला। रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद अनाज की जांच में 21.95 क्विंटल गेहूं और 34.60 क्विंटल चावल कम पाया गया। बाकी 13 क्विंटल गेहूं और 18.50 क्विंटल चावल सील कर पास की दूसरी राशन दुकान के विक्रेता की सुपुर्दगी में दिया गया। कई कार्डधारकों ने बताया कि पिछले महीने ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें राशन नहीं दिया गया। राधारानी, सावित्री, राजकुमारी और बड़ीबहू समेत अन्य कार्डधारकों ने भी अनियमितता की शिकायत की। जांच में सामने आया कि अंत्योदय कार्डधारकों से तीन महीने में मिलने वाली 3 किलो चीनी के तय दाम 54 रुपए के बजाय 80 रुपए लिए जा रहे थे। पिछले चार महीने में दुकान से केवल 60 से 65 प्रतिशत खाद्यान्न बांटे जाने की बात भी सामने आई। पूर्ति निरीक्षक दीपक जैन की शिकायत और जिलाधिकारी की अनुमति के बाद जखौरा पुलिस ने सुजाता देवी और राहुल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। जिला पूर्ति अधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User