बिस्मिल्लाह की धरोहर टूटने-डिवाइडर पर कमल लगाने से कांग्रेस खफा:डीएम को ज्ञापन देकर डमरू-त्रिशूल लगाने की मांग, परिवार का हो संरक्षण
वाराणसी में शहनाई वादक भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के मकान टूटने के बाद कांग्रेस में आक्रोश है। उनकी धरोहर और परिवार के संरक्षण की मांग को लेकर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके अलावा शहर में डिवाइडरों पर कमल लगाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को वाराणसी कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस ने भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के जर्जर पुश्तैनी मकान के संरक्षण और उनके परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के सड़क डिवाइडरों पर कमल के फूल की आकृति लगाने पर भी आपत्ति जताते हुए डमरू या त्रिशूल लगाने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी मकान का दौरा करने पर उसकी जर्जर स्थिति सामने आई। परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। नेताओं ने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ने गंगा-जमुनी तहजीब और काशी की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया। ऐसे में उनकी धरोहर और परिवार का संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं, डिवाइडरों पर कमल की आकृति लगाए जाने को लेकर कांग्रेस ने इसे भाजपा के चुनाव चिह्न से जोड़ते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अनुचित बताया। प्रतिनिधिमंडल ने काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप डमरू या त्रिशूल लगाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में राघवेन्द्र चौबे, सतनाम सिंह, संतोष चौरसिया, प्रवीण प्रकाश और मोहम्मद उजैर सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)