73 जोड़ों की शादी, 19 साल से चल रही परंपरा:पूर्व एमएलसी और नगर पालिका अध्यक्ष ने कराया आयोजन; 17 हजार लोगों के लिए बना खाना

Nov 18, 2026 - 23:28
0
73 जोड़ों की शादी, 19 साल से चल रही परंपरा:पूर्व एमएलसी और नगर पालिका अध्यक्ष ने कराया आयोजन; 17 हजार लोगों के लिए बना खाना
फर्रुखाबाद में पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल और उनकी पत्नी नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने सेवाव्रत अनुष्ठान के तहत 73 जोड़ों का विवाह कराया। यह आयोजन का 19वां साल है। परिवार पिछले 18 वर्षों से गरीब युवतियों की शादी कराता आ रहा है। बुधवार रात 8 बजे डीएम डॉ. अंकुर लाठर मधुर मिलन गेस्ट हाउस पहुंचीं। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा की। इसके बाद विवाह समारोह शुरू हुआ। रात करीब 9 बजे मंच पर 72 जोड़ों का जयमाला कार्यक्रम हुआ। रामधुन के बीच दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को माला पहनाई। इसके बाद मनोज अग्रवाल ने परिवार के साथ जोड़ों पर फूल बरसाए। जयमाला के बाद 73वें जोड़े का निकाह पढ़ाया गया। कार्यक्रम में हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से और मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनके धर्म के अनुसार कराया गया। ससुर ने शुरू किया था सेवाव्रत अनुष्ठान नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने कहा, “राजनीति पद या प्रतिष्ठा नहीं, सेवा का माध्यम है।” उन्होंने बताया कि उनके ससुर ने इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। अब परिवार इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने कहा कि यह दिन उनके परिवार के लिए उत्सव और फर्रुखाबाद के लिए महोत्सव है। परिवार के जीवित रहने तक सेवाव्रत अभियान जारी रहेगा। इस आयोजन में हर साल गरीब युवतियों की शादी कराई जाती है। उन्हें दान-दहेज और गृहस्थी से जुड़ा सामान भी दिया जाता है। नवरात्र से शुरू होता है पंजीकरण विवाह के लिए युवतियों के पंजीकरण की प्रक्रिया नवरात्र से शुरू हो जाती है। हर साल 18 नवंबर को यह आयोजन किया जाता है। इसमें वर और वधू पक्ष के परिवारों के खाने की व्यवस्था भी रहती है। जयमाला मंच पर जोड़ों ने किया डांस जयमाला के दौरान डीजे की धुन पर जोड़ों ने मंच पर डांस भी किया। इसके बाद सभी अपने-अपने मंडप में पहुंचे। वहां वर और वधू पक्ष के परिवारों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। 17 हजार लोगों के लिए तैयार हुआ भोजन आयोजन में करीब 17 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। खाने में पनीर, छोले, दाल मखनी, गोभी-आलू, मिक्स वेज, मेथी-आलू की सब्जी, रायता, पुलाव, पूड़ी, मिक्स रोटी, सादी रोटी, सलाद और गुलाब जामुन रखे गए। सुरक्षा के रहे इंतजाम, कॉलेज के पास पार्किंग कार्यक्रम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गेस्ट हाउस के गेट से लेकर परिसर के अंदर तक पुलिसकर्मी तैनात रहे। लोगों के वाहनों की पार्किंग क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के पास कराई गई थी। यहां बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों से पहुंचे थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User