बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक MLC चुनाव की काउंटिंग कल:8 टेबल पर कल सुबह 8 बजे से गिने जाएंगे वोट, कमिश्नर बोले- सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

Oct 26, 2026 - 14:41
0
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक MLC चुनाव की काउंटिंग कल:8 टेबल पर कल सुबह 8 बजे से गिने जाएंगे वोट, कमिश्नर बोले- सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में आयोजित की जाएगी। मतों की गिनती के लिए कुल 8 काउंटिंग टेबल और 1 आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) टेबल लगाई गई है। मतगणना कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को सुबह 6:00 बजे तक केंद्र पर पहुंचने के निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके बाद सुबह 7:00 बजे प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोले जाएंगे और ठीक 8:00 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। 35 हजार से अधिक वोटों की गिनती, 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला बीते 23 अक्टूबर को संपन्न हुए चुनाव में कुल 73.69 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। संजय कम्युनिटी हॉल में कुल 35,149 मतों की गिनती राउंड-वार की जाएगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो और सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के बीच माना जा रहा है, जबकि मैदान में कुल 17 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दैनिक भास्कर से बोले कमिश्नर शंभू कुमार- शांतिपूर्ण और पारदर्शी प्रक्रिया प्राथमिकता मतगणना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे बरेली कमिश्नर शंभू कुमार ने 'दैनिक भास्कर' से बातचीत करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कमिश्नर ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस के तहत निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर टेबल पर सभी प्रत्याशी अपना एक-एक काउंटिंग एजेंट तैनात कर सकते हैं। सुपरवाइजरों और मतगणना कर्मियों को पहले ही गहन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतों की संख्या को देखते हुए कर्मचारियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है, जिससे परिणाम आने तक प्रक्रिया बिना रुके सुचारू रूप से चलती रहे। दो गेट, मजिस्ट्रेट और पुलिस का कड़ा पहरा: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पूरा संजय कम्युनिटी हॉल परिसर बंद (कवर्ड) है और यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर में प्रवेश के लिए दो गेट बनाए गए हैं—एक गेट से काउंटिंग एजेंट प्रवेश करेंगे, जबकि दूसरे गेट से मतगणना कर्मी और अधिकारी अंदर जाएंगे। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है ताकि शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे। सीसीटीवी की निगरानी और लाउडस्पीकर से राउंड-वार नतीजों का ऐलान मतगणना में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर टेबल की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और पूरे हॉल पर सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा, मतगणना स्थल पर मौजूद एजेंटों, प्रत्याशियों और समर्थकों को समय-समय पर प्रत्येक राउंड के नतीजों की सटीक जानकारी देने के लिए साउंड सिस्टम (लाउडस्पीकर) का भी पुख्ता प्रबंध किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User