बुलंदशहर में कल से कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला:गंगा की रेती पर बसा तंबुओं का शहर, रातभर भैंसा-बुग्गियों से पहुंचे श्रद्धालु
बुलंदशहर के अनूपशहर में ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला कल से मां गंगा के जयकारों के साथ विधिवत शुरू होगा। मेले से पहले ही गंगा की रेती पर अस्थायी तंबुओं का पूरा शहर बस चुका है। बुलंदशहर से अनूपशहर मार्ग पर रातभर भैंसा-बुग्गियों और अन्य साधनों से श्रद्धालुओं के जत्थे पहुंचते रहे। भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। शुक्रवार से रूट डायवर्जन प्लान भी लागू कर दिया गया है। एसपी ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण मेले में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक अंतरिक्ष जैन ने थाना अनूपशहर क्षेत्र के गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित भीड़, घाटों की सुरक्षा, आवागमन के रास्तों, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, वाहन पार्किंग और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। इस दौरान मातहत अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर जोर एसपी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास मार्गों पर आवागमन व्यवस्थित रखने तथा किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने के निर्देश दिए गए। घाटों के गहरे और संवेदनशील हिस्सों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने पर भी जोर दिया गया। गोताखोर, जल पुलिस और बचाव दल रहेंगे तैनात जल सुरक्षा के लिए गोताखोरों, जल पुलिस और बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। जाम से बचने के लिए श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग कराने, संदिग्ध गतिविधियों और अराजक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। पुलिसकर्मियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी स्याना रामकरन समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)