छात्राओं से छेड़छाड़, जबरन बाइक पर बिठाने का प्रयास:प्रतापगढ़ में 2 दिन में दो वारदातें, युवकों के चेहरे ढके थे, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
प्रतापगढ़ के जेठवारा में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के दो मामले सामने आए हैं। दोनों घटनाओं में युवकों ने चेहरे ढके थे। शिकायत पर कार्रवाई न होने से परिजनों में नाराजगी है। शनिवार शाम जेठवारा इंटर कॉलेज की एक छात्रा साइकिल से घर लौट रही थी। ठकुराइन का पुरवा मोड़ के पास दो बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा कर बदसलूकी की। छात्रा ने परिजनों को बताया, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज हुई। रविवार दोपहर कोचिंग से लौट रही एक और छात्रा को निशाना बनाया गया। गांव के मोड़ पर मुंह ढके दो बाइक सवार युवकों ने उसका हाथ पकड़ा और जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। छात्रा पास के एक घर में जाकर बची। इन घटनाओं से छात्राओं और उनके परिवारों में डर का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि पहली शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करती तो दूसरी घटना रोकी जा सकती थी। गौरतलब है कि पुलिस मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा तथा शोहदों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान चला रही है। इसके बावजूद जेठवारा क्षेत्र में सामने आई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच पड़ताल की जा रही है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ठीम गठित किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)