सोनभद्र के पते पर ट्रस्ट बनाकर 11 करोड़ की ठगी:आठ राज्यों में 35 मामले सामने आए, मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार

Oct 26, 2026 - 07:47
0
सोनभद्र के पते पर ट्रस्ट बनाकर 11 करोड़ की ठगी:आठ राज्यों में 35 मामले सामने आए, मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार
सोनभद्र के पते पर पंजीकृत सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम पर आठ राज्यों में करीब 11 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई है। फरवरी से अक्टूबर के बीच, ठगी की रकम में से 2.37 करोड़ रुपये रेणुकूट स्थित ट्रस्ट के खाते में जमा किए गए। नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर 35 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें 11 कर्नाटक से हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों चंदौली जिला के नौगढ का मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश, दुद्धी निवासी अंजनी कुमार, और वेदान्त मौर्या को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। वही आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और संस्थाओं की भूमिका की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने ठगी के लिए धार्मिक संस्था का इस्तेमाल किया। शिक्षा, स्वास्थ्य और गोरक्षा जैसे कार्यों का हवाला देकर लोगों को फंसाया जाता था। ठगी की रकम ट्रस्ट के बैंक खाते में मंगाकर दूसरे खातों में भेजी जाती थी। यह नेटवर्क मध्यप्रदेश की एक संस्था के सहयोग से रीवा के एक होटल के कमरे से संचालित हो रहा था। आरोपी दो साल से इस काम में लगे थे। उन्होंने पटना और वाराणसी की संस्थाओं से तरीके सीखे, फिर इस साल अपना ट्रस्ट बनाया। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान से जुड़े मामले मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि ठगी में अन्य संस्थाओं और उनके बैंक खातों का भी इस्तेमाल हुआ है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। अन्य संस्थाओं और खातों की भूमिका की भी जांच हो रही है। पुलिस के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User