मुरादाबाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला:स्कूटी और बाइक में टक्कर के बाद दोनों पक्षों में हुई थी कहासुनी
मुरादाबाद के गलशहीद थाना क्षेत्र में मामूली सड़क दुर्घटना की रंजिश को लेकर रविवार रात करीब नौ बजे एक 19 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गलशहीद के असालपुरा बड़ा अहाता निवासी फरदीन (19 साल) पुत्र जीशान उर्फ भूरा पीतल पर कलर करने का काम करता है। शनिवार रात मेहंदी का चौराहा पर फरदीन की स्कूटी की टक्कर बकरी का हाता निवासी अदीब आलम की मोटरसाइकिल से हो गई थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर अदीब आलम रंजिश मानकर बैठ गया था। रविवार रात करीब नौ बजे फरदीन जब पेट्रोल डलवाने गया था, तभी उसका दोस्त रिहान उसे रेलवे ट्रैक की ओर ले गया। वहां पहले से ही अदीब आलम, ट्यूबा और एक अन्य युवक मौजूद थे। आरोपियों ने फरदीन को देखते ही उस पर हमला कर दिया और जान से मारने की नीयत से चाकू से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल फरदीन को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, फरदीन के सिर, गर्दन और पीठ पर चाकू के गहरे निशान हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)