छात्रावास से चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार:इटावा पुलिस ने मोबाइल, मशीनें, दस्तावेज, कपड़े और 20,100 रुपये बरामद किए

Oct 29, 2026 - 14:51
0
छात्रावास से चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार:इटावा पुलिस ने मोबाइल, मशीनें, दस्तावेज, कपड़े और 20,100 रुपये बरामद किए
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में श्री गणेश छात्रावास से चोरी की घटना का पुलिस ने गुरुवार दोपहर 2 बजे खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, ड्रिल मशीन, पत्थर काटने की मशीन, जरूरी दस्तावेज, कपड़े और 20,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 26 अक्टूबर को चोरी की घटना को अंजाम दिया था। एसपी सिटी बबिता सिंह के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच इसी क्रम में 28 और 29 अक्टूबर की रात इकदिल थाना पुलिस मानिकपुर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के मामले से जुड़े तीन लोग ग्वालियर बाईपास रोड पर राधिका स्टेट गेट के पास मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक मोबाइल फोन, एक ड्रिल मशीन, एक पत्थर काटने की मशीन, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक पीठू बैग, गर्म बनियान, सेंडो बनियान, अंडरवियर, गमछा, चश्मा और 20,100 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान और नकदी के बारे में पूछताछ की गई तो आरोपियों ने इन्हें 26 अक्टूबर को इकदिल थाना क्षेत्र के चोरवरी रोड स्थित श्री गणेश छात्रावास से चोरी करने की बात बताई। इस मामले में इकदिल थाने में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 244/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पुत्र जनवेद सिंह निवासी ग्राम रानीपुर, थाना करहल, जिला मैनपुरी, उम्र करीब 28 वर्ष, नीरज पाण्डेय पुत्र रामकरन निवासी ग्राम मुसावली, थाना इकदिल, जिला इटावा, उम्र करीब 29 वर्ष और मनोज तिवारी पुत्र रामकरन निवासी ग्राम मुसावली, थाना इकदिल, जिला इटावा, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। एसपी सिटी ने बताया कि सौरभ के खिलाफ इटावा के चौबिया और सैफई थानों के अलावा फिरोजाबाद दक्षिण थाने में भी चोरी, धोखाधड़ी, अपहरण, अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज वहीं, नीरज पाण्डेय के खिलाफ इटावा कोतवाली, जीआरपी इटावा और औरैया जिले के दिबियापुर थाने में चोरी, चोरी का माल रखने, गृहभेदन और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। मनोज तिवारी का आपराधिक इतिहास फिलहाल इसी मामले में दर्ज मुकदमे तक बताया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई इस कार्रवाई को इकदिल थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने पुलिस टीम के साथ अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User