हाथरस में सोने की चेन बताकर 25 लाख रुपए ठगे:3 पर दर्ज हुआ मुकदमा, दवा विक्रेता ने उधार लेकर जुटाई थी रकम
हाथरस में 3 लोगों ने दवा विक्रेता को सोने की बताकर पीतल की चेन 25 लाख रुपए में बेच दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली सदर में बुधवार की देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता सौरभ वर्मा पुत्र मुरारी लाल वर्मा गुडिहाई बाजार के रहने वाले हैं। उनकी वर्मा मेडिकल नाम से दवाओं की थोक दुकान है। सौरभ के मुताबिक, 30 सितंबर को एक महिला समेत तीन अज्ञात लोग उनकी दुकान पर आए और दवाएं खरीदीं। उन्होंने बताया कि वे राजस्थान में काम कर रहे थे, जहां खुदाई के दौरान उन्हें करीब दो किलो वजन की पीली धातु की चेन मिली थी। वे डर के कारण पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दे पाए हैं और उसे बेचने के लिए हाथरस आए थे। उन्होंने सौरभ से कहा कि वे चेन 60 लाख रुपए में बेचेंगे। 25 लाख में हुआ था सौदा शिकायत के मुताबिक, सौरभ ने चेन का एक टुकड़ा कटवाकर जांच कराई। वह सोने का निकला, जिसके बाद चेन का सौदा 25 लाख रुपए में तय हुआ। सौरभ के पास पूरी रकम नहीं थी, इसलिए उन्होंने साथी दुकानदारों और रिश्तेदारों से उधार लेकर पैसे जुटाए। पुलिस ने शुरू की जांच 4 अक्टूबर को सौरभ ने चेन के लिए 25 लाख रुपए नकद दिए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने चेक से पैसे लेने से मना कर दिया था। उनके जाने के बाद सौरभ ने चेन की दोबारा जांच कराई, तो वह पीतल की निकली। तहरीर में सौरभ ने कहा है कि इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज उनके पास है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)