डॉक्टर कॉलोनी में 10 लोगों में डेंगू के लक्षण:चार मरीज एक डॉक्टर परिवार के; चित्रकूट में अब तक 31 लोग पॉजिटिव

Nov 13, 2026 - 07:17
0
डॉक्टर कॉलोनी में 10 लोगों में डेंगू के लक्षण:चार मरीज एक डॉक्टर परिवार के; चित्रकूट में अब तक 31 लोग पॉजिटिव
चित्रकूट जिले में अब तक डेंगू के 31 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पुरानी बाजार की डॉक्टर कॉलोनी में एक डॉक्टर परिवार के चार सदस्यों समेत करीब 10 लोगों में डेंगू के लक्षण बताए जा रहे हैं। इनमें से छह मरीज जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती हैं। जिला अस्पताल में भी बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। डेंगू के मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका की फॉगिंग व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। विभागीय अधिकारी शहर और जिले में नियमित फॉगिंग कराने का दावा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फॉगिंग बाजार और मुख्य सड़कों तक ही होती है। अंदरूनी बस्तियों और मोहल्लों में मच्छरों से बचाव के इंतजाम नहीं हैं। पुरानी बाजार निवासी महेंद्र केशरवानी ने आरोप लगाया कि बस्ती और गलियों में फॉगिंग नहीं होती। उन्होंने कहा कि इसी वजह से मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। समाजसेवी योगेश जैन ने भी कहा कि गलियों में फॉगिंग होते हुए कभी नहीं दिखती। उनके मुताबिक, दशहरे पर एक बार और दीपावली के दिन बाजार में भीड़ के दौरान फॉगिंग हुई थी। इसके अलावा मोहल्लों में नियमित छिड़काव नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि फॉगिंग सिर्फ त्योहारों और मुख्य बाजार तक सीमित न रहे। उन्होंने शहर के हर वार्ड, गली और मोहल्ले में नियमित फॉगिंग कराने और मच्छरों के लार्वा नष्ट करने के लिए अभियान चलाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User