5 वाटर-कूलर की खरीद पर 4.12 लाख खर्च पर सवाल:रायबरेली में सभासद ने लगाया फर्जीवाड़े का आरोप, DM ने ADM को सौंपी जांच

Nov 13, 2026 - 07:34
0
5 वाटर-कूलर की खरीद पर 4.12 लाख खर्च पर सवाल:रायबरेली में सभासद ने लगाया फर्जीवाड़े का आरोप, DM ने ADM को सौंपी जांच
रायबरेली में महराजगंज नगर पंचायत में पांच वाटर कूलर की खरीद और स्थापना के नाम पर लाखों रुपए की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। नगर पंचायत प्रशासन पर आरोप है कि 4 लाख 12 हजार 500 रुपए की लागत से खरीदे गए पांच वाटर कूलरों की स्थापना में नियमों की अनदेखी की गई। एक सभासद ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने एडीएम प्रशासन अमित कुमार द्वितीय को जांच सौंपकर रिपोर्ट मांगी है। पहले से लगे वाटर कूलरों की बाद में दिखाई आपूर्ति शिकायतकर्ता का आरोप है कि नगर पंचायत के पांच स्थानों पर वाटर कूलर पहले से स्थापित और संचालित थे, जबकि उनकी खरीद की टेंडर प्रक्रिया बाद में पूरी की गई। शिकायत में जेम पोर्टल की बिड संख्या GEM/2026/B/7775105 का हवाला दिया गया है। इसके अनुसार, बिड 10 जुलाई 2026 को जारी हुई, अनुबंध 10 अगस्त को हुआ और डिलीवरी की तारीख 19 अगस्त 2026 दिखाई गई। जबकि शिकायतकर्ता ने हनुमानगढ़ी मंदिर में 6 जून 2026 और दानेश्वर मंदिर में 14 जून 2026 को ही वाटर कूलर स्थापित होने के टाइम स्टांप और जीपीएस युक्त फोटो-वीडियो साक्ष्य होने का दावा किया है। आरोप है कि पहले से लगी मशीनों को बाद में आपूर्ति किया हुआ दर्शाया गया। शून्य टर्नओवर वाली फर्म को दिया अनुबंध शिकायत में आपूर्ति करने वाली फर्म शुभ फैब्री वर्क्स (Shubh Fabri Works) की पात्रता पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि जेम बिड की शर्तों के अनुसार फर्म के पास तीन साल का अनुभव और 3 लाख रुपए का टर्नओवर होना जरूरी था। इसके बावजूद फर्म ने अपने घोषणा पत्र में पिछले तीन वर्षों का अधिकतम टर्नओवर शून्य बताया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बावजूद फर्म को तकनीकी रूप से पात्र मानकर अनुबंध दिया गया। इसे भी वित्तीय अनियमितता का आधार बताया गया है। ब्लू स्टार की जगह मौके पर वोल्टास की मशीनें सभासद ने अनुबंध और मौके पर स्थापित मशीनों के मॉडल में अंतर होने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, जेम अनुबंध में ब्लू स्टार कंपनी का SWC6080SS मॉडल, 60 से 80 लीटर प्रति घंटे की क्षमता और 82,500 रुपए प्रति मशीन कीमत दर्ज है। जबकि मौके पर वोल्टास कंपनी का WC 40-80 मॉडल लगा मिला, जिसकी क्षमता 40 लीटर प्रति घंटा बताई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि स्वीकृत मॉडल, क्षमता, सीरियल नंबर और वास्तविक खरीद मूल्य में अंतर होने के बावजूद भुगतान किया गया। 35 से 40 हजार की मशीन का 82,500 रुपए का बिल? शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाजार में इन मशीनों की खरीद कीमत करीब 35 से 40 हजार रुपए के बीच है, जबकि नगर पंचायत के रिकॉर्ड में प्रति मशीन 82,500 रुपए की बिलिंग दिखाई गई। इस आधार पर उन्होंने भुगतान और वास्तविक खरीद मूल्य के बीच बड़े अंतर की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में जेम पोर्टल की टेंडर प्रक्रिया की तारीखों पर भी सवाल उठाए गए हैं। पोर्टल के अनुसार, टेंडर बंद होने की तारीख 20 जुलाई 2026 शाम 6 बजे थी, जबकि तकनीकी बिड खोलने का समय उसी दिन शाम 6:30 बजे निर्धारित था। डीएम ने एडीएम प्रशासन को सौंपी जांच सभासद ने पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका से करते हुए खरीद प्रक्रिया, फर्म की पात्रता, मशीनों की गुणवत्ता और भुगतान की जांच कराने की मांग की है। डीएम ने मामले की जांच एडीएम प्रशासन अमित कुमार द्वितीय को सौंपी है। साथ ही जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि वाटर कूलर की खरीद और स्थापना में नियमों का पालन हुआ या वित्तीय अनियमितता बरती गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User