DGCA ने स्पाइसजेट को शो-कॉज नोटिस दिया:फ्लाइट कैंसिलेशन, पेमेंट देरी और नियमों के उल्लंघन पर 7 दिन में जवाब मांगा

Nov 20, 2026 - 15:51
0
DGCA ने स्पाइसजेट को शो-कॉज नोटिस दिया:फ्लाइट कैंसिलेशन, पेमेंट देरी और नियमों के उल्लंघन पर 7 दिन में जवाब मांगा
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमानन कंपनी स्पाइसजेट को लगातार बढ़ रही फ्लाइट कैंसिलेशन, देरी और ऑपरेशनल गड़बड़ियों को लेकर शो-कॉज नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस में एयरलाइन से सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। DGCA ने कहा कि स्पाइसजेट की समय पर उड़ान संचालन की स्थिति (OTP) लगातार खराब हो रही है। उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा कंपनी तय शेड्यूल का पालन नहीं कर रही और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं भी नहीं दे पा रही है। ज्यादातर विमान जमीन पर, बीमा पर भी चिंता DGCA के मुताबिक, स्पाइसजेट के बेड़े के ज्यादातर विमान फिलहाल जमीन पर खड़े हैं। कंपनी इन्हें दोबारा उड़ान सेवा में शामिल करने की कोई भरोसेमंद योजना भी नहीं दे पाई है। नोटिस में विमान बीमा के अनिवार्य कवरेज को समय पर रिन्यू कराने को लेकर भी चिंता जताई गई है। पेमेंट में देरी के कारण सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ कंपनी की दिक्कतें बढ़ रही हैं। विदेशी विमानन नियामकों ने भी इन समस्याओं पर चिंता जताई है। इसके अलावा DGCA ने पहले लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने पर भी जवाब मांगा है। एयरलाइन को कई बार याद दिलाने के बावजूद जुर्माने की राशि जमा नहीं की गई। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के नियमों का भी उल्लंघन DGCA ने कहा कि स्पाइसजेट अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए जरूरी पात्रता शर्तें पूरी नहीं कर पा रही है। कंपनी ने रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस (RDG) का भी बार-बार उल्लंघन किया है। इस मामले में मई में भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया था। बाजार हिस्सेदारी आधी, शेयर में 5% की गिरावट स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी सितंबर में घटकर 0.6% रह गई, जबकि अगस्त में यह 1.2% थी। यानी एक महीने में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी आधी हो गई। नोटिस जारी होने के अगले दिन 18 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपए तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। वहीं, BSE पर कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर 9.74 रुपए पर आ गया। BSE ने भी DGCA के नोटिस को लेकर स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को किया अलर्ट दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि स्पाइसजेट की ऑपरेशनल समस्याओं के कारण उसकी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को अपनी फ्लाइट का अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User