डॉक्टर के घर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी में चोरों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और तमंचा बरामद

Nov 20, 2026 - 15:48
0
डॉक्टर के घर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी में चोरों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और तमंचा बरामद
कौशांबी जिला अस्पताल के आवासीय परिसर में डॉक्टर के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से तीन लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर, तमंचा, कारतूस, लोहे की रॉड और चोरी में इस्तेमाल वैगनआर कार बरामद की गई है। SP सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस ऑफिस में पत्रकार वार्ता कर बताया कि आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कॉलोनियों में चोरी करने की बात कबूल की है। फरार साथियों की तलाश की जा रही है। ताला तोड़कर नकदी-जेवर किए थे पार 13 नवंबर (शुक्रवार) को जिला अस्पताल के आवासीय परिसर में रहने वाले डॉ. रमेश चन्द्र यादव के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के गहने और करीब छह लाख रुपए नकद चुरा लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए SP ने खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की थीं। वैगनआर कार से पकड़े गए आरोपी पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को टीमों को मुखबिर से सूचना मिली कि जीआईसी कॉलेज भेलखा के पास एक सफेद वैगनआर कार खड़ी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार को घेर लिया। पुलिस को देखकर कार सवार दो युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर के रहने वाले अलीजान पुत्र मोहम्मद सईद और बागपत जिले के दोघट के रहने वाले शाकिर अहमद पुत्र नईम के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कॉलोनियों में चोरी करते थे। दोनों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार, अलीजान के खिलाफ हापुड़, बांदा, कानपुर नगर, गाजियाबाद, संभल और गौतमबुद्ध नगर के अलग-अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शाकिर के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में चार मुकदमे दर्ज हैं। नकदी और जेवर बरामद पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा सोने का एक मंगलसूत्र, दो फैंसी टॉप्स, दो लॉकेट और एक कान का झाला मिला है। इन गहनों का कुल वजन करीब 19.370 ग्राम है। चांदी की दो जोड़ी पायल भी बरामद हुई हैं, जिनका वजन करीब 266 ग्राम है। इसके साथ एक तमंचा, एक कारतूस, चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड और सफेद वैगनआर कार बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। उनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User