धान कटाई के वीडियो पर विधायक का जवाब:सपा नेता इंद्राणी वर्मा बोलीं-किसान की बेटी और गृहणी भी हूं
श्रावस्ती की भिनगा सीट से सपा विधायक इंद्राणी वर्मा ने खेत में धान कटाई के दौरान काम करने को लेकर सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों का जवाब दिया है। बुधवार देर शाम उन्होंने कहा कि खेत में काम करना उनके लिए दिखावा नहीं, बल्कि पहचान और पारिवारिक संस्कारों का हिस्सा है। वह विधायक होने के साथ किसान की बेटी और गृहणी भी हैं। खेती से उनका जुड़ाव आज भी बना हुआ है और समय मिलने पर वह खेतों में काम करती हैं। धान कटाई के वीडियो पर हुई थीं टिप्पणियां करीब चार सप्ताह पहले इंद्राणी वर्मा के फेसबुक अकाउंट पर धान कटाई का वीडियो साझा किया गया था। इसमें वह खेत में महिलाओं के साथ फसल काटने में सहयोग करती नजर आई थीं। वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके खेत में काम करने को दिखावा बताया था। अब विधायक ने इन टिप्पणियों पर अपनी बात रखी है। खराब मौसम से खेत में गिर गई थी फसल इंद्राणी वर्मा ने बताया कि खराब मौसम के कारण उनके खेत में धान की फसल गिर गई थी। महिलाएं जब कटाई करने खेत पहुंचीं तो वह भी उनके साथ चली गईं। उन्होंने महिलाओं का उत्साह बढ़ाया और खुद भी कटाई में हाथ बंटाया। उनके मुताबिक, खेती उनके परिवार का हिस्सा है और वह समय मिलने पर खेतों में काम करती हैं।
पिता को खेत जोतते देखती थीं विधायक बचपन की यादें साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह अपने पिता को हल से खेत जोतते देखती थीं। उस समय वह पिता के लिए खेत में रोटी और पानी लेकर जाती थीं। अब खेती में ट्रैक्टर और आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल होता है, लेकिन उनका खेती से जुड़ाव बरकरार है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह परिवार और खेती से दूरी बना लें। 2012 में मौका नहीं मिलता तो खेती होता मुख्य व्यवसाय विधायक ने कहा कि अगर 2012 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं देते तो कृषि उनका मुख्य व्यवसाय होता। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार काम करना चाहिए। इससे शरीर भी स्वस्थ रहता है। महिलाओं की भागीदारी पर उन्होंने कहा कि गृहणी की जिम्मेदारी सिर्फ घर तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उसे परिवार के साथ समाज के लिए भी आगे आना चाहिए। हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ महिलाओं की समान भागीदारी जरूरी है। उन्होंने दोहराया कि खेत में धान काटना उनके लिए प्रदर्शन नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, परिवार और किसान पृष्ठभूमि से जुड़ाव का हिस्सा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)