डिवाइडर पार कर अर्टिगा से टकराई आई-10, दो की मौत:बिजनौर में धामपुर-नगीना मार्ग पर हादसा, 2 गंभीर घायल

Sep 28, 2026 - 14:07
0
डिवाइडर पार कर अर्टिगा से टकराई आई-10, दो की मौत:बिजनौर में धामपुर-नगीना मार्ग पर हादसा, 2 गंभीर घायल
बिजनौर में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। धामपुर-नगीना मार्ग पर देर रात दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने तेज गति से जा रही आई-10 कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रही अर्टिगा से आई-10 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आई-10 सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है। पढ़िए पूरा मामला बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने हाईवे पर आई-10 कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान धामपुर से नगीना की ओर जा रही अर्टिगा से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सुमित (19) पुत्र महेंद्र सिंह सैनी और गौतम (23) पुत्र कमल, निवासी स्टेट बैंक कॉलोनी, को मृत घोषित कर दिया। वहीं शुभम सैनी और वासु की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। अर्टिगा में सवार लोगों को भी हादसे में चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अन्य वाहन से उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक दोनों युवक एक दुकान पर नौकरी करते थे। हादसे में जान गंवाने वाले सुमित के परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि सुमित चार बहनों का इकलौता भाई था। वहीं गौतम के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User