दलेर मेहंदी से मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी:CM धामी ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का दिया न्योता; मीका बोले- जल्द करेंगे कार्यक्रम
टिहरी के कुंजापुरी मेले में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने से शुरू हुआ विवाद अब खत्म हो गया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। वहीं, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है। मीका सिंह ने सीएम से बातचीत के बाद इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने सीएम के बातचीत करने के तरीके की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब इस विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय आपसी सम्मान के साथ खत्म किया जा सकेगा। मीका सिंह के मुताबिक, सीएम धामी ने उनसे और दलेर मेहंदी से बातचीत की है। साथ ही दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। मीका ने संकेत दिए कि वे जल्द ही उत्तराखंड में कार्यक्रम करने की योजना बना रहे हैं। कार्यक्रम के बीच मंत्री ने किया था हस्तक्षेप दरअसल, टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में 18 अक्टूबर को आयोजित कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के लाइव शो के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भड़क गए थे। मंत्री ने मंच पर पहुंचकर दलेर मेहंदी से कहा था कि शराब पी रखी है। बोल नहीं पा रहे। गाना क्या गाएगा। इसके बाद मीका सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का समर्थन किया था। उन्होंने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कलाकारों के सम्मान का मुद्दा उठाया था। तीन दिन पहले मीका ने कहा था- दलेर पाजी की छवि खराब की, माफ नहीं करूंगा विवाद के बाद मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीका सिंह ने मंत्री सुबोध उनियाल के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी को मंच पर डांटा गया और उन पर शराब पीकर आने का आरोप लगाया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। मीका ने कहा था, "दलेर जी की जो इमेज उन्होंने खराब की, वह बहुत गलत है। मैं उनको कभी माफ नहीं करूंगा।" उन्होंने यह भी बताया था कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब होने के बावजूद उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक प्रस्तुति दी। मनिंदर भुट्टर को लेकर भी जताई थी नाराजगी मीका सिंह ने आरोप लगाया था कि दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पंजाबी गायक मनिंदर भुट्टर का भी जिक्र किया और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट कर भगाने की बात कही थी। मीका ने सवाल उठाया था कि किसी कलाकार से गलती होने पर उसे मंच से अपमानित करने के बजाय सम्मानपूर्वक समझाया जाना चाहिए। उन्होंने मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा था, "मंत्री साहब, आप गुंडे नहीं हो, आप मंत्री साहब हो।" कपिल शर्मा ने भी किया था फोन मीका सिंह ने बताया था कि विवाद सामने आने के बाद कॉमेडियन कपिल शर्मा ने सबसे पहले उन्हें फोन किया था। मीका के मुताबिक, कपिल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए उनसे पूछा था कि वह चुप क्यों बैठे हैं। मीका ने कहा था कि दलेर मेहंदी उनके बड़े भाई हैं और किसी कलाकार के साथ गलत होने पर वह उसके समर्थन में खड़े होते हैं। उन्होंने दलेर मेहंदी से बात करने के बाद अपना पक्ष सार्वजनिक किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)