ईवीएम पर उठने वाले सवालों का मशीन से मिलेगा जवाब:अलीगढ़ में कलेक्ट्रेट समेत जिले की पांचों तहसीलों में खुले 6 डेमोंस्ट्रेशन सेंटर

Nov 20, 2026 - 12:44
0
ईवीएम पर उठने वाले सवालों का मशीन से मिलेगा जवाब:अलीगढ़ में कलेक्ट्रेट समेत जिले की पांचों तहसीलों में खुले 6 डेमोंस्ट्रेशन सेंटर
ईवीएम में वोट कैसे पड़ता है, बटन दबाने के बाद मत मशीन में दर्ज हुआ या नहीं और वीवीपैट में पर्ची कैसे दिखाई देती है... अब इन सवालों के जवाब जानने के लिए किसी चुनाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मतदाता खुद ईवीएम का बटन दबाकर पूरी मतदान प्रक्रिया देख और समझ सकेंगे। इसके लिए जिले में कलेक्ट्रेट समेत सभी पांचों तहसीलों में कुल छह ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में शुरुआत जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की मौजूदगी में गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ इन केंद्रों का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में एक और पांचों तहसीलों में एक-एक केंद्र बनाया गया है। तहसीलों में संबंधित एसडीएम की देखरेख में इनका संचालन होगा। बटन दबाने से पर्ची देखने तक का डेमो इन केंद्रों पर नागरिकों को ईवीएम और वीवीपैट की पूरी कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाएगा। यहां लोग खुद मशीन पर बटन दबाकर समझ सकेंगे कि वोट कैसे दर्ज होता है और वीवीपैट में मत की पर्ची किस तरह दिखाई देती है। मशीनों के संचालन से लेकर मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्रशिक्षित कर्मचारी देंगे। ईवीएम को लेकर मन में मौजूद सवालों और भ्रांतियों का भी मौके पर समाधान किया जाएगा। मतदाता का भरोसा सबसे जरूरी जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का विश्वास सर्वोपरि है। निर्वाचन प्रक्रिया के हर चरण की सही और प्रमाणिक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है। डेमोंस्ट्रेशन सेंटर इसी उद्देश्य से स्थापित किए गए हैं, ताकि नागरिक मशीनों की कार्यप्रणाली को खुद देखकर समझ सकें और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति उनका भरोसा मजबूत हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी कलेक्ट्रेट या तहसील परिसर में पहुंचकर ईवीएम-वीवीपैट का डेमो देखें और दूसरे लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User