एटा में मतदाता जागरूकता क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित:गरिमा और गर्वित ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया

Nov 19, 2026 - 16:40
0
एटा में मतदाता जागरूकता क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित:गरिमा और गर्वित ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया
एटा के अविनाशी सहाय आर्य विद्यालय में गुरुवार को मतदाता शिक्षा और निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम के तहत जनपद स्तरीय क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें एटा, मारहरा, अलीगंज और जलेसर विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता साक्षरता क्लब के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से ‘सशक्त मतदाता, सशक्त लोकतंत्र’ का संदेश दिया। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका पर अपने विचार रखे, जबकि क्विज प्रतियोगिता में निर्वाचन से जुड़ी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया। जागरूक मतदाताओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र समापन समारोह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं की भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने पात्र नागरिकों से समय पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा अभी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करें। मतदाता साक्षरता क्लब के विद्यार्थी स्कूलों और क्लबों में जागरूकता गतिविधियां चलाएं। अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से न छूटे। अरुन्मोली ने कहा कि केवल मतदाता बनना ही काफी नहीं है, बल्कि हर चुनाव में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना भी जरूरी है। निबंध में गरिमा और क्विज में गर्वित प्रथम निबंध प्रतियोगिता में एमजीएचएम इंटर कॉलेज, मारहरा की गरिमा कुमारी ने प्रथम, डाइट डीएलएड की छात्रा करिश्मा ने द्वितीय और महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की श्रद्धा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज के गर्वित वर्मा प्रथम, महारानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज की सौम्या द्वितीय और जेएलएन कॉलेज की प्रतिभा यादव तृतीय स्थान पर रहीं। जिलाधिकारी ने विजेताओं को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए ईएलसी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए। रंगोली के जरिए भी दिया मतदान का संदेश कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से आकर्षक रंगोली बनाई गई। इसके माध्यम से मतदान के महत्व और लोकतंत्र में जनभागीदारी का संदेश दिया गया। रंगोली के संयोजन में स्वीप गतिविधि प्रभारी संजय शर्मा और उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने विद्यार्थियों से विद्यालय के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्रीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और प्रत्येक चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करने को कहा। कार्यक्रम का संचालन स्वीप गतिविधि प्रभारी संजय शर्मा ने किया। आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश यादव, नोडल स्वीप प्रशांत वर्मा, ईएलसी के सह जिला समन्वयक शैलेंद्र गुप्ता और मतदाता साक्षरता क्लब के जिला समन्वयक सुधीर कुमार का सहयोग रहा। निर्णायक मंडल में प्रवक्ता भारत सिंह, सत्यवीर सिंह और डॉ. प्रशांत वर्मा शामिल रहे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बदन सिंह, संजीव यादव, राम बहादुर, राम प्रकाश, अश्वनी सिंह, नेहा द्विवेदी, कृष्णवीर सिंह, रामशरण, निशा पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User