गाजियाबाद के अस्पताल में इंफ्लूएंसर हाजी-सलमान के परिवार पर फायरिंग:गाड़ी में तोड़फोड़-स्टाफ से भी मारपीट, छोटे भाई की पत्नी का चल रहा था इलाज

Nov 14, 2026 - 07:08
0
गाजियाबाद के अस्पताल में इंफ्लूएंसर हाजी-सलमान के परिवार पर फायरिंग:गाड़ी में तोड़फोड़-स्टाफ से भी मारपीट, छोटे भाई की पत्नी का चल रहा था इलाज
गाजियाबाद के लोनी में राशिद अली गेट के पास स्थित शिवेन हॉस्पिटल में शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 10 से 12 हमलावरों ने पहले अस्पताल के बाहर एक युवक की कार में तोड़फोड़ की और फिर अस्पताल में घुसकर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान परिवार के लोगों ने अस्पताल में छिपकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। पीड़ित पक्ष ने 10-12 लोगों के खिलाफ लोनी कोतवाली में तहरीर दी है। पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा था शाहनवाज लोनी की गौरी पट्टी निवासी हाजी सलमान की मां संजीदा के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उनका छोटा बेटा शाहनवाज अपनी बीमार पत्नी परवीन को इलाज के लिए शिवेन हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। उनके साथ संजीदा और उनका नाती अफजल भी थे। परवीन को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद डॉक्टर उसकी जांच कर रहे थे, जबकि शाहनवाज बाहर गाड़ी में बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान 10-12 हमलावरों ने शाहनवाज को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की गई तो शाहनवाज जान बचाने के लिए अस्पताल के अंदर भागा। हमलावर भी उसके पीछे अस्पताल में घुस गए और वहां कई राउंड गोलियां चलाईं। टॉयलेट में छिपकर बचाई जान, महिला स्टाफ से भी मारपीट संजीदा ने बताया कि हमलावरों की फायरिंग के दौरान परिवार के लोग दहशत में आ गए। उन्होंने अपनी बहू परवीन को अस्पताल के टॉयलेट में ले जाकर छिपा दिया, जिससे उसकी जान बच सकी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने अस्पताल की महिला स्टाफ नसीमा के साथ भी जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की। नसीमा के मुताबिक, उन्होंने हमलावरों को बताया कि वह अस्पताल की कर्मचारी हैं और उनका इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद हमलावरों ने उनके साथ मारपीट जारी रखी। कार के शीशे तोड़े, चारों पहियों की हवा निकाली परिवार के मुताबिक, हमलावरों ने अस्पताल के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार पर पत्थरों और डंडों से हमला किया। कार के सभी शीशे तोड़ दिए गए और चारों पहियों की हवा निकाल दी गई। घटना दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित अस्पताल में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। 2 सितंबर की घटना से जोड़कर देख रहा परिवार हाजी सलमान का परिवार इस हमले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहा है। परिवार के मुताबिक, 2 सितंबर को भी एक घटना हुई थी, जिसमें हाजी सलमान और उनके परिवार पर हिंदू रक्षा दल के दो कार्यकर्ताओं ने हमला करने का आरोप लगाया था। पीड़ित परिवार का मानना है कि शुक्रवार रात हुई वारदात उसी विवाद का नतीजा हो सकती है। पुलिस कर रही मामले की जांच हाजी सलमान के पिता बून्दू खां ने 10-12 आरोपियों के खिलाफ लोनी कोतवाली में तहरीर दी है। एसीपी लोनी राम किशन राना ने बताया कि अस्पताल में हुई घटना की जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है। एसीपी लोनी राम किशन राना ने बताया अस्पताल में हुई घटना की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User