गलत ब्लड चढ़ाने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त:निदेशक चिकित्सा शिक्षा व प्रिंसिपल एसआरएन अस्पताल का व्यक्तिगत हलफनामा मांगा

Nov 20, 2026 - 00:19
0
गलत ब्लड चढ़ाने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त:निदेशक चिकित्सा शिक्षा व प्रिंसिपल एसआरएन अस्पताल का व्यक्तिगत हलफनामा मांगा
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज में मरीज को गलत ब्लड चढ़ाए जाने के मामले में मुआवजे के निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। न्यायालय ने अपनी प्रारंभिक राय व्यक्त करते हुए कहा है कि चिकित्सा लापरवाही के मामलों में मुआवजे का निर्धारण मोटर वाहन अधिनियम के उन प्रावधानों के आधार पर किया जा सकता है, जिनके तहत घातक दुर्घटनाओं में मुआवजा निर्धारित किया जाता है। हालांकि, न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई पक्ष इसके विपरीत न्यायिक निर्णय या प्राधिकार प्रस्तुत करता है तो उस पर भी विचार किया जाएगा। यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ सोमवंशी की माता को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ाए जाने से संबंधित है। इस मामले में सौरभ सोमवंशी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर न्याय की मांग की है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर एवं न्यायमूर्ति विवेक सरन की खंडपीठ में हुई। जानिये क्या है मामला गौरतलब है कि 2 फरवरी 2026 को हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता ने अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ाए जाने की गलती स्वीकार की थी। इसके बाद न्यायालय ने मुआवजे के निर्धारण के संबंध में दोनों पक्षों को अपना-अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया था। साथ ही मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के प्रधानाचार्य से व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल करने को कहा गया था। बुधवार को हुई सुनवाई में न्यायालय ने मुआवजे के निर्धारण के संबंध में दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं को सुना। इसके बाद खंडपीठ ने कहा कि चिकित्सा लापरवाही के मामले में मुआवजे का निर्धारण मोटर वाहन अधिनियम के तहत घातक दुर्घटनाओं में मुआवजा तय करने के प्रावधानों के आधार पर किया जा सकता है। शपथ पत्र दाखिल करने का आदेश न्यायालय ने इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा, लखनऊ को व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है। शपथपत्र में 2 फरवरी 2026 के पूर्व आदेश के अनुपालन में भविष्य में उठाए जाने वाले कदमों का विवरण देना होगा। इसके अतिरिक्त मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के प्रधानाचार्य को भी व्यक्तिगत शपथपत्र दाखिल करना होगा। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि दोनों अधिकारियों को अपना शपथपत्र दाखिल करते समय 2 फरवरी 2026 को खंडपीठ द्वारा पारित आदेश को ध्यान में रखना होगा। दोनों शपथपत्र अगली सुनवाई से पहले दाखिल किए जाने अनिवार्य हैं। मामले की सुनवाई दो दिसंबर को न्यायालय ने अपने आदेश को 24 घंटे के भीतर महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा तथा मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के प्रधानाचार्य तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर 2026 को दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User