गोंडा में दहेज विवाद के बीच दुल्हन का ऑडियो मिला:बोली- पिता की बेइज्जती बर्दाश्त नहीं, बारात मत लाइए, ससुर बोले- जैसी तुम्हारी मर्जी
गोंडा में दहेज में थार गाड़ी मांगने और बारात न लाने के आरोप में दूल्हे मोहम्मद सलमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद अब दोनों पक्षों की बातचीत का ऑडियो सामने आया है। 7 मिनट 28 सेकंड के इस ऑडियो में दुल्हन नौशबा मिर्जा बेग अपने होने वाले ससुर मोहम्मद असलम से शादी से दो दिन पहले बात करती सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान दुल्हन अपने पिता के सम्मान की बात कहते हुए शादी से इनकार कर देती है। वह कहती है- 'अगर मेरे बाप की बेइज्जती होगी तो मैं शादी से मना कर रही हूं। मत लाइए बारात।' ऑडियो में दुल्हन की मां नाजो खातून और दूल्हे के पिता के बीच हुई बातचीत भी है। इसमें शादी के सामान की सूची (फेहरिस्त) पर हस्ताक्षर कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद सुनाई देता है। दुल्हन की मां का आरोप है कि उनके पति को बार-बार ताने दिए गए। वहीं, दूल्हे के पिता ने दहेज मांगने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सामान की सूची पर हस्ताक्षर कराने की बात पहले बताई जाती तो वह खुद हस्ताक्षर कर देते। दुल्हन बोली- अपने पिता का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगी ऑडियो के पहले हिस्से में दुल्हन अपने होने वाले ससुर से कहती है कि वह उनकी भी उतनी ही इज्जत करती है, जितनी अपने पिता की। लेकिन अपने पिता की बेइज्जती बर्दाश्त नहीं कर सकती। वह कहती है कि कई दिनों से अपने माता-पिता के बारे में कही जा रही बातें सुन रही है, लेकिन अब यह उसकी बर्दाश्त से बाहर हो गया है। दुल्हन कहती है कि शादी में दिए जाने वाले सामान की सूची पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर होना सामान्य बात है। इसके बावजूद इस मुद्दे पर उसके पिता को अपमानित किया जा रहा है। बातचीत के दौरान वह रोने लगती है और कहती है कि बारात न लाई जाए, वह शादी नहीं करेगी। इस पर दूल्हे के पिता जवाब देते हैं- 'ठीक है, जैसी तुम्हारी मर्जी बेटा।' मां बोलीं- दिल्ली से आए, लेकिन मिलने तक नहीं पहुंचे ऑडियो के दूसरे हिस्से में दुल्हन की मां नाजो खातून और दूल्हे के पिता मोहम्मद असलम के बीच बातचीत है। नाजो खातून कहती हैं कि उनका परिवार शादी की तैयारियों के लिए दिल्ली से आया था। लड़के वालों की सुविधा के लिए विवाह स्थल के पास किराए पर कमरा भी लिया था। इसके बावजूद बार-बार बुलाने पर भी समधी मिलने नहीं पहुंचे। नाजो खातून कहती हैं कि उन्होंने सलमान को कोई दहेज नहीं दिया, बल्कि अपनी हैसियत के मुताबिक बेटी को इस्तेमाल के लिए सामान दिया था। ऐसे में सामान की सूची पर हस्ताक्षर कराने की मांग गलत नहीं थी। उनका आरोप है कि रात में उनके पति को बात-बात पर ताने दिए गए। शादी की तैयारियों में जुटे होने के कारण वह पहले से ही तनाव में थे। दूल्हे के पिता बोले- पहले बताते तो कर देता हस्ताक्षर मोहम्मद असलम बातचीत में कहते हैं कि उन्होंने कभी दहेज की मांग नहीं की। शादियों में सामान की दो सूचियां बनती हैं। एक सूची वर पक्ष के पास और दूसरी वधू पक्ष के पास रहती है। उनका कहना है कि यदि हस्ताक्षर कराने की बात पहले बता दी जाती तो वह खुद आकर हस्ताक्षर कर देते। उन्होंने यह भी कहा कि सामान उतारने पहुंचे लोगों की ओर से सीधे हस्ताक्षर कराने की जिद करना ठीक नहीं था। उनके मुताबिक, लड़की के पिता ने बातचीत में कहा था कि अभी देर नहीं हुई है और बेटी घर पर है। यह बात उन्हें अच्छी नहीं लगी। थार मांगने और बारात न लाने के आरोप में दर्ज है केस इस मामले में दुल्हन पक्ष ने दूल्हे मोहम्मद सलमान पर दहेज में थार गाड़ी मांगने और बारात न लाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अब दोनों पक्षों के बीच बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में है। फिलहाल दहेज मांगने और अन्य आरोपों की जांच जारी है। ऑडियो में कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि भी बाकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)