महराजगंज में ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित:आठ पंचायतों में 70.40 लाख रुपए के भुगतान में अनियमितता का आरोप

Oct 31, 2026 - 15:33
0
महराजगंज में ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित:आठ पंचायतों में 70.40 लाख रुपए के भुगतान में अनियमितता का आरोप
महराजगंज के पनियरा ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ओमप्रकाश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उन पर विकास कार्यों में अनियमितता और शासनादेशों की अनदेखी का आरोप है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी प्रस्तावित की है। निलंबन आदेश के मुताबिक, पनियरा विकास खंड की आठ ग्राम पंचायतों में 15वें और पंचम वित्त आयोग की धनराशि से कराए गए कामों के भुगतान में अनियमितता का आरोप है। इनमें सोहास, ऋषपुर, धनघटी, खजुरिया, तेंदुहिया, सुभितपुर, मोहद्दीनपुर और कनैला शामिल हैं। आरोप है कि सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के भौतिक सत्यापन के बिना इन पंचायतों में कुल 70 लाख 40 हजार 868 रुपए का भुगतान किया गया। कामों को प्राथमिकता देने के बजाय दूसरे काम कराए इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत सचिवालय और सामुदायिक शौचालय के अधूरे कामों को प्राथमिकता देने के शासनादेशों की अनदेखी का आरोप है। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कामों को प्राथमिकता देने के बजाय दूसरे काम कराए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने ओमप्रकाश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। विभागीय जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), परतावल को जांच अधिकारी बनाया गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई संबंधित आठों ग्राम पंचायतों में कराए गए कामों का मौके पर सत्यापन कर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। प्रशासन ने कहा है कि वित्तीय अनियमितता, सरकारी धन के दुरुपयोग और शासनादेशों की अनदेखी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User