गोरखपुर में भाजपा-नेता के बेटे की JCB से दबकर मौत:66 के खिलाफ FIR, रोते हुए पिता बोले- वापस आ जाओ बेटा
गोरखपुर में बुधवार दोपहर ढाई बजे जेसीबी से दबकर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 साल के बेटे आर्यवर्धन की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की टक्कर से बेटा लहूलुहान होकर गिरा। राहगीरों ने एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान चीख पुकार मच गई। पिता बार-बार बेटे की लाश को पकड़कर रोते हुए बोल रहे थे वापस आ जाओ बेटा। हादसे के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाकर परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। मौके पर डीएम, एसपी सिटी पहुंचे। अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत कराया। ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में गुरुवार को 66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। इसमे जेसीबी चालक, साधू यादव उर्फ साधू भईया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव, चंद्र प्रकाश के साथ ही 60 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। पिता बोले पैदल निकला था बेटा
आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे उनका बड़ा बेटा आर्य वर्धन पैदल चौराहे पर बहन समृद्धि को लेने जा रहा था। इसी दौरान रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे आनन-फानन एम्स ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आर्य वर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे अधिकारी हादसे नाराज परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात रही। ओंकार सिंह ने रोड शो में जेसीबी शामिल कराने वाले आयोजक और चालक के खिलाफ कार्रवाई के साथ झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग की। डीएम ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों और कार्यकर्ताओं ने करीब आठ बजे धरना समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।
इधर, हादसे के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव,क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस संबंध में डीएम दीपक मीणा ने बताया कि परिजनों की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसे के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जेसीबी चालक और आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)