होटल में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत का CCTV:झांसी में चेकआउट के समय रूम में खड़े-खड़े गिरी, 4 महीने पहले शादी हुई थी
झांसी में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें महिला मुस्कान अपने पति और होटल कर्मचारी के साथ कमरे में जाती दिख रही है। पहले कर्मचारी और फिर पति कमरे के अंदर जाता है। कुछ देर बाद मुस्कान दरवाजे पर पहुंचती है और करीब 4 सेकेंड में खड़े-खड़े पीछे की ओर सिर के बल गलियारे में गिर जाती है। पति उसे संभालकर कमरे में ले जाता है। रविवार दोपहर पति होटल स्टाफ की मदद से बैंक मैनेजर अपनी पत्नी मुस्कान (27) को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करीब 4 महीने पहले ही मुस्कान और निलेश की शादी हुई थी। मुस्कान 10 अक्टूबर को जेई की परीक्षा देने मायके आई थी। 2 दिन पहले पति भी वहां पहुंच गया था। शनिवार रात दोनों होटल में रुके थे। रविवार सुबह चेकआउट के दौरान होटल कर्मचारी के साथ सामान लेने जाने के दौरान यह घटना हुई। मुस्कान के पिता ने दामाद निलेश पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। देखिए 3 तस्वीरें.. अब जानिए पूरा मामला… प्रेमनगर के नैनागढ़ में रहने वाले रामजीलाल सिमौलिया ने बताया- मेरी बेटी मुस्कान की शादी 29 जून को मध्यप्रदेश के विदिशा निवासी निलेश से हुई थी। हमने धूमधाम से होटल जेएस ग्रैंड से बेटी की शादी की थी। मुस्कान का 28 अक्टूबर को जेई (JE) का एग्जाम था। मैंने सोचा चलो, मुस्कान एग्जाम भी दे देगी और कुछ दिन मेरे पास रह लेगी। 10 अक्टूबर को उसे घर ले आए। हमें नहीं पता था कि निलेश अचानक रात में आ जाएगा और सुबह-सुबह मुस्कान को लेकर चला जाएगा। निलेश 23 तारीख की रात करीब 11:30 बजे आया। अगले दिन वह मुझसे झूठ बोलकर मुस्कान को अपने साथ ले गया। उसने कहा कि मैं अपनी मौसी के यहां गणेश विहार कॉलोनी जा रहा हूं। मैंने कहा कि चले जाओ बेटा। उसने हमसे झूठ बोला था। वह उसे कहां ले गया, यह हमें नहीं पता था। रविवार को निलेश का फोन आया कि आप रुद्र होटल आ जाइए। हमारे यहां रुद्र होटल नहीं है। हमने ढूंढा तो पता चला कि ऋषभ होटल है। जब हमने ऋषभ होटल में उनका बिल चेक किया, तो पता चला कि वह मुस्कान को अपनी मौसी के यहां न ले जाकर होटल में ले गया था। होटल का बिल 23 से 24 अक्टूबर तक का था। ससुर ने कहा- दामाद ने हम लोगों को नर्सिंग होम बुलाया निलेश ने मुझे दोबारा फोन किया। उसने मुझसे कहा कि कपूर नर्सिंग होम आ जाइए। हम कपूर नर्सिंग होम पहुंचे। लेकिन, वहां भी वह हमें नहीं मिला। इसके बाद निलेश ने हमें फोन करके कहा कि फिर कहा कि मेडिकल कॉलेज आ जाइए, तब हम वहां पहुंचे। इसके बाद उसने सिविल अस्पताल आने के लिए कहा। जब हम सिविल पहुंचे, तो वहां मुस्कान को मृत पाया। निलेश कह रहा है कि मुस्कान गिर गई थी। लेकिन, मुझे शक है कि उसने मेरी मुस्कान का मुंह पकड़कर उसका सिर दीवार में मार दिया होगा। उसके सिर में चोट लगी है। ससुर बोले- दामाद के दूसरी महिलाओं से संबंध रामजीलाल सिमौलिया ने बताया- निलेश पहले प्राइवेट जॉब करता था। अभी 15 दिन पहले उसकी एमपी ग्रामीण बैंक में सोसाइटी मैनेजर के पद पर नौकरी लगी थी। आरोप लगाया था कि दामाद के दूसरी औरतों से संबंध हैं। उसकी पहले से एक पत्नी भी है, जो इंदौर में रहती है। यह बात हमें बेटी की शादी करने के बाद पता चली। वह बार-बार मेरी बेटी से कहता था कि मेरी पहली पत्नी बढ़िया है। तुम्हारे में वह बात नहीं है। SP सिटी बोलीं- खड़े-खड़े सिर के बल गिर गई मुस्कान एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- महिला होटल ऋषभ में पति के साथ रुकी थी। पुलिस जिला अस्पताल पहुंची तो उसका पति वहां मौजूद था। पति ने बताया कि वे चेकआउट कर रहे थे। इसी दौरान कमरे में जाते समय मुस्कान अचानक खड़े-खड़े सिर के बल गिर गई। इसके बाद पुलिस ने होटल पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। दंपती कमरा नंबर 212 में ठहरे थे। CCTV फुटेज में पति-पत्नी होटल कर्मचारी के साथ गलियारे से कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में महिला के अचानक गिरने का दृश्य भी कैद है। मृतका के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)