अलीगढ़ से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद:ब्रज प्रदेश के 13 जिलों के नेता जुटेंगे, संगठन को सक्रिय करने की बनेगी रणनीति
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस सोमवार को अलीगढ़ से चुनावी अभियान को धार देने की शुरुआत करेगी। मैरिस रोड स्थित शहनाई गेस्ट हाउस में सुबह 11 बजे से ब्रज प्रदेश के 13 जिलों के पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसमें संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी कुनाल चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सलमान खुर्शीद समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है। प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना के आने को लेकर हालांकि संशय बना हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष के आने पर संशय अराधना मिश्रा मोना का अलीगढ़ दौरा पहले से तय था। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा दल रविवार देर शाम ही यहां पहुंच गया था। हालांकि, सोमवार को लखनऊ में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम के चलते प्रदेश अध्यक्ष का अलीगढ़ दौरा टलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, रविवार देर रात ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिल गई थी। इसके बावजूद कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष के संभावित आगमन को ध्यान में रखकर तैयारियों में जुटे रहे। 13 जिलों के पदाधिकारी होंगे शामिल बैठक में अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के अलावा आगरा मंडल के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के नेता शामिल होंगे। बरेली मंडल के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के पदाधिकारी भी पहुंचेंगे। इनके साथ फर्रुखाबाद जिले के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी बैठक में हिस्सा लेंगे। इसमें वर्तमान और पूर्व ब्लॉक, तहसील व जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रविवार देर रात तक चलीं तैयारियां कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यालय और आयोजन स्थल पर रविवार देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अलीगढ़ पहुंच चुके हैं। सोमवार सुबह से 13 जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है। कांग्रेस इस बैठक के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन की स्थिति का आकलन करेगी। साथ ही, कार्यकर्ताओं में चुनावी सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक रणनीति तैयार करने पर जोर रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)