कानपुर के होटल में उन्नाव के युवक का शव मिला:8 महीने पहले हुई थी शादी; 5 महीने की गर्भवती पत्नी से कहा था- जल्द लौट आऊंगा
कानपुर के हरबंस मोहाल के एक होटल में रविवार को उन्नाव निवासी 37 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। युवक ने होटल में 200 रुपये देकर कमरा लिया था। नहाने के बाद वह आराम करने के लिए कमरे में चला गया। काफी देर तक कमरे से कोई आहट नहीं आई तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर कर्मचारियों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हरबंस मोहाल पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग कानपुर पहुंचे तो बेटे का शव देखकर बिलख पड़े। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पढ़िए पूरा मामला
मृतक की पहचान उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र के नौका बिहार गांव निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मुकेश करीब दस दिन पहले नेपाल जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने पत्नी और पिता को बताया था कि वह नेपाल में काम करने जा रहा है। परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द वापस लौटेगा, लेकिन रविवार को उसकी मौत की खबर पहुंच गई। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है। आठ महीने पहले हुई थी शादी, पत्नी पांच महीने की गर्भवती
मुकेश के पिता देवी प्रसाद किसान हैं। परिवार में पत्नी ऊषा देवी और चार बेटे हैं। बड़ा बेटा दिनेश, विपिन और राजाबाबू निजी नौकरी करते हैं, जबकि मुकेश तीसरे नंबर का बेटा था। वह पिता के साथ रहकर खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। करीब आठ महीने पहले ही मुकेश की शादी लखनऊ के माती निवासी शिवानी से हुई थी। उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। पिता देवी प्रसाद ने बताया कि मुकेश करीब दस दिन पहले नेपाल जाने की बात कहकर घर से निकला था। जाते समय उसने पत्नी से कहा था कि बच्चे की डिलीवरी से पहले वह घर लौट आएगा। इसके बाद वह उन्नाव में ही रहकर निजी नौकरी करेगा और परिवार का पालन-पोषण करेगा। पति के इसी भरोसे पर शिवानी उसके लौटने का इंतजार कर रही थी। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि मुकेश अब कभी घर नहीं लौटेगा। दो दिन पहले पत्नी से फोन पर हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक, मुकेश की दो दिन पहले पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने फोन कर परिवार का हालचाल लिया था। इस दौरान उसने बताया था कि वह नेपाल में है और वहां काम कर रहा है। पत्नी ने उससे जल्द घर लौटने के लिए कहा था। मुकेश ने भी जल्द आने की बात कही थी। बातचीत के बाद पत्नी को भरोसा था कि वह जल्द घर पहुंच जाएगा। पिता देवी प्रसाद ने बताया कि मुकेश ने परिवार के सभी लोगों को नेपाल में नौकरी करने की बात बताई थी। उसने यह भी कहा था कि उसका काम ठीक चल रहा है और जनवरी में वह घर लौट आएगा। परिवार इसी उम्मीद में था कि मुकेश वापस आएगा तो पत्नी के साथ रहकर नई जिंदगी की शुरुआत करेगा। लेकिन रविवार दोपहर पुलिस ने फोन कर होटल के कमरे में उसका शव मिलने की जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनकर टूट गए पिता
बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता देवी प्रसाद बदहवास हो गए। उन्होंने रोते हुए कहा कि मुकेश घर लौट आता, तो परिवार के साथ रहता। किसी को समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। जिस बेटे के लौटने का परिवार इंतजार कर रहा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। गर्भवती पत्नी के सामने अब जिंदगी का सबसे कठिन दौर है। नहाने और आराम करने के लिए लिया था कमरा
हरबंस मोहाल थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक ने रविवार सुबह होटल में 200 रुपये देकर कमरा लिया था। उसने कर्मचारियों से नहाने और कुछ देर आराम करने की बात कही थी। इसके बाद वह कमरे में चला गया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों ने उसे आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस करीब 11 बजे सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर युवक का शव फंदे से लटका मिला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। मृतक के मोबाइल फोन से उसके परिजनों की जानकारी जुटाकर उन्हें सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)