मथुरा में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:आबिद कश्मीरी बोले- SIR पर रोक लगे, मतदाता सूची की स्वतंत्र जांच कराई जाए
मथुरा में जिला कांग्रेस कमेटी के सेठबाड़ा स्थित कार्यालय पर शनिवार को प्रेसवार्ता हुई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मथुरा पर्यवेक्षक आबिद कश्मीरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा और उन्हें देशद्रोही बताया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की। प्रेसवार्ता में कश्मीरी ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची का पूरा डेटा डिजिटल और मशीन-पठनीय प्रारूप में सार्वजनिक किया जाए, ताकि उसकी स्वतंत्र जांच हो सके। इस दौरान जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता यामिनी रमन आचार्य मौजूद रहे। महाराष्ट्र में 39 लाख नए मतदाता जुड़ने का दावा आबिद कश्मीरी ने राहुल गांधी की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों का हवाला देते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र में 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच 39 लाख नए मतदाता जुड़े। उन्होंने बेंगलुरु सेंट्रल के महादेवपुरा क्षेत्र में कथित दोहरे पंजीकरण और फॉर्म-6 के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा और कर्नाटक के आलंद में भी मतदाता सूची से नाम हटाने के प्रयासों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कश्मीरी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और दोहरे पंजीकरण जैसे मामलों की जांच तथ्यों और सत्यापन योग्य आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए। मतदाता सूची का डेटा सार्वजनिक करने की मांग कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची का पूरा डेटा डिजिटल प्रारूप में उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से नहीं हटाया जाना चाहिए और हर मतदाता के मतदान के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए। कांग्रेस ने रखीं ये प्रमुख मांगें प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग दोहराई। पार्टी की अन्य मांगों में हटाए गए नामों की बहाली, मतदाता सूची की स्वतंत्र जांच, उसमें किए गए बदलावों का खुलासा और नाम हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को लिखित सूचना देना शामिल है। कांग्रेस ने प्रभावित नागरिकों को अपील का निष्पक्ष अवसर देने की भी मांग की। कश्मीरी ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)