जालौन में विवाहिता की संदिग्ध मौत:पति समेत 3 पर जहर खिलाने का आरोप, मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया
जालौन कोतवाली के ग्राम अकोढ़ी में संदिग्ध हालत में रविवार रात एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए उरई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे झांसी रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जालौन कोतवाली में शिकायत की। मृतका के पिता ने उसके पति, सास और ससुर पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और जबरन कीटनाशक पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम आटा निवासी शिवनाथ पुत्र गुरूचरन ने अपनी पुत्री दीक्षा का विवाह 24 मई 2021 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार जालौन कोतवाली के ग्राम अकोढ़ी निवासी हिरदेश पुत्र परशुराम के साथ किया था। पिता का कहना है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार विवाह में फ्रिज, कलर टीवी, बेड, सोफा सेट, बर्तन, करीब आठ आना वजन की सोने की अंगूठी और लगभग चार लाख रुपये नकद दिए थे।
शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति हिरदेश, ससुर परशुराम और सास माया देवी कथित तौर पर अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की जंजीर की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर दीक्षा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। उसे कई बार खाना तक नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है। शिवनाथ के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को शाम के समय उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान ससुरालीजनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसे घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज उरई ले गए, जहां से गंभीर हालत में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान दीक्षा की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)