बांग्लादेश में अवामी लीग के बंद के दौरान हिंसा:दो की मौत; कई जगह बम धमाके, पुलिस स्टेशन पर भी हमला
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के 48 घंटे के लॉकडाउन के पहले दिन रविवार को हिंसा भड़क उठी। शरियतपुर जिले में BNP और अवामी लीग के समर्थकों के बीच झड़प में अवामी लीग के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। देश के कई हिस्सों में देसी बम फेंके गए, गाड़ियों और दुकानों में आग लगाई गई और सड़कें जाम कर दी गईं। पाबना जिले में भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, राजधानी ढाका समेत बांग्लादेश के 64 में से कम से कम 14 जिलों में हिंसा और सड़क जाम की घटनाएं हुईं। सबसे ज्यादा असर दक्षिणी बांग्लादेश के गोपालगंज और शरियतपुर में देखने को मिला। यहां सड़कें बंद होने से बस सेवाएं रुक गईं। मरीजों को अस्पताल पहुंचने और छात्रों को परीक्षा केंद्र जाने में परेशानी हुई। पद्मा ब्रिज के पास झड़प, अवामी लीग के दो कार्यकर्ताओं की मौत शरियतपुर जिले में पद्मा ब्रिज के जजीरा छोर के पास रविवार सुबह करीब 5:30 बजे BNP और अवामी लीग के समर्थक आमने-सामने आ गए। यह जगह ढाका-भांगा एक्सप्रेसवे पर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर जुटे थे और रास्ता रोक रहे थे। BNP के कार्यकर्ता शनिवार रात से ही वहां मौजूद थे। दोनों गुटों के बीच पहले झड़प हुई और फिर उन्होंने एक-दूसरे का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान देसी बम फेंके गए और गोलीबारी भी हुई। इसमें अवामी लीग के कार्यकर्ता इब्राहिम सिपाही और निजामुद्दीन मृधा की मौत हो गई। इब्राहिम प्रतिबंधित युवा संगठन जुबो लीग का कार्यकर्ता था। वह शरियतपुर सदर के मध्या सोनामुखी गांव का रहने वाला था। पुलिस ने उसकी मौत की पुष्टि की है। उसके शरीर पर छेद जैसा निशान मिला, लेकिन पुलिस यह नहीं बता सकी कि यह गोली लगने से बना था या नहीं। दूसरे मृतक निजामुद्दीन मदारीपुर जिले के शिबचर इलाके के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, झड़प में उन्हें गोली लगी थी। ढाका ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। गाड़ियों और रेस्टोरेंट में आग लगाई, तीन घंटे तक रास्ता बंद झड़प के दौरान BNP की सभा के लिए लगाए गए टेंट और पंडाल में आग लगा दी गई। करीब 20 से 25 मोटरसाइकिलें भी जला दी गईं। पद्मा ब्रिज के पास फूड वैली नाम के रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड चलाए। सुबह करीब 8:30 बजे प्रदर्शनकारियों के हटने के बाद स्थिति शांत हुई। इस दौरान ढाका-भांगा एक्सप्रेसवे और पद्मा ब्रिज पर करीब तीन घंटे तक यातायात रुका रहा। गोपालगंज में सड़कें जाम, मरीज और छात्र परेशान शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में लॉकडाउन का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। रविवार सुबह कई सड़कों और हाईवे पर पेड़, बिजली के खंभे और लकड़ियां डालकर रास्ते बंद कर दिए गए। ढाका-खुलना हाईवे पर बेडग्राम, हरिदासपुर, निमतला, दुमदिया, सोनारसुर और कई दूसरे इलाकों में यातायात रुक गया। गोपालगंज-बारिशाल रोड और आसपास के दूसरे रास्तों पर भी जाम लगाया गया। लंबी दूरी की बसें बंद होने से लोग पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। कई दुकानें भी नहीं खुलीं। गोपालगंज के पचुरिया इलाके में 35 साल की मुस्लिम बेगम को ऑपरेशन के सात दिन बाद टांके कटवाकर घर लौटना था। कोई वाहन नहीं मिलने पर उन्हें दर्द के बावजूद पैदल चलना पड़ा। उनकी मां सुरु बेगम सात दिन के नवजात बच्चे को गोद में लेकर साथ चल रही थीं। बागेरहाट से अपनी बीमार पत्नी की दवा लेने गोपालगंज पहुंचे 68 साल के मोशर्रफ हुसैन को भी काफी परेशानी हुई। उन्हें कुछ दूरी पैदल चलना पड़ा और बैटरी से चलने वाले वाहनों के लिए ज्यादा किराया देना पड़ा। नेशनल यूनिवर्सिटी की तीसरे साल की ऑनर्स परीक्षा देने जा रहे छात्रों को भी परेशानी हुई। कुछ छात्र पैदल तो कुछ रिक्शा और मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र पहुंचे। पुलिस स्टेशन पर हमला, पुलिस ने आंसू गैस और रबर बुलेट चलाईं पाबना जिले के बेरा उपजिला में रविवार सुबह 50 से ज्यादा लोगों ने पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों के पास भाले और दूसरे स्थानीय हथियार थे। उन्होंने देसी बम भी फेंके। हमला करीब 10 से 15 मिनट तक चला। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए 12 आंसू गैस के गोले और 123 रबर बुलेट चलाईं। इस दौरान पुलिस की एक मोटरसाइकिल जला दी गई और एक यात्री बस में तोड़फोड़ की गई। गोपालगंज में सुरक्षा के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 56 टुकड़ियां, अंसार की 15 टुकड़ियां और 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, राजधानी ढाका और छह अन्य जिलों में BGB की सात अतिरिक्त टुकड़ियां भेजी गई हैं। पूरे देश में पहले से BGB की 120 टुकड़ियां सुरक्षा ड्यूटी पर थीं। सात जिलों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, राजधानी में पिछले 24 घंटे में 442 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अवामी लीग के 45 कार्यकर्ता शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि इन्हें तोड़फोड़ की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पकड़ा गया है। अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को 48 घंटे के देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान किया है। बांग्लादेश में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर मई 2025 से प्रतिबंध लगा हुआ है। यह प्रतिबंध शेख हसीना की 15 साल की सरकार के अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद अंतरिम सरकार ने लगाया था। हसीना सरकार के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध से हुई थी। बाद में यह बड़े जन आंदोलन में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर भ्रष्टाचार और खराब शासन के आरोप लगाए थे। फरवरी 2026 में हुए चुनाव के बाद सत्ता में आई BNP सरकार ने भी अवामी लीग पर प्रतिबंध जारी रखा। हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद से भारत में रह रही हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश की एक अदालत ने 2024 के प्रदर्शनों पर कार्रवाई के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है। बांग्लादेश सरकार भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। भारत ने कहा है कि इस अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है। यह मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव की वजह बना हुआ है। हसीना ने कहा है कि वे खुद बांग्लादेश लौटकर अदालत में पेश होना चाहती हैं। उनके वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इस महीने की शुरुआत में इससे इनकार कर दिया। अब हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना जताई है। इस दिन देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर जीत का जश्न मनाता है। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, हसीना ने बांग्लादेश सरकार से नई दिल्ली से राष्ट्रीय विमान सेवा के जरिए उनकी वापसी का इंतजाम करने को भी कहा है। इस बीच, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि हालात संभालने के लिए सेना तैनात करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताते हुए लोगों से नहीं घबराने की अपील की। सरकार ने जजीरा की झड़प की शुरुआती वजह स्थानीय गुटों के बीच विवाद बताई है। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)