झांसी के राहुल कनकने ने छोड़ा चुनावी मैदान:भाजपा के अशोक राठौर को MLC चुनाव में दिया समर्थन, पार्टी के नेताओं ने किया सम्मानित
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान से पहले निर्दलीय प्रत्याशी राहुल कनकने उर्फ मोहित गुप्ता ने चुनावी मैदान छोड़ते हुए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. अशोक कुमार राठौर को समर्थन देने का ऐलान किया है। विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह चौहान की अगुवाई में हुए इस घटनाक्रम ने चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक चर्चाओं को गरमा दिया है। अब निगाहें 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जहां स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राहुल कनकने के समर्थन की घोषणा के दौरान विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश सह संयोजक स्नातक निर्वाचन मानवेंद्र सिंह चौहान, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल और बबीना विधायक राजीव सिंह परीक्षा मौजूद रहे। इस मौके पर मानवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि राहुल कनकने के निर्णय से स्नातक मतदाताओं के बीच एकजुटता का संदेश गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस समर्थन से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक कुमार राठौर को चुनाव में लाभ मिलेगा। 10 जिलों में मतदान, प्रयागराज में सबसे ज्यादा केंद्र इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव 10 जिलों में होना है। कुल 353 मतदान स्थलों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रयागराज में सबसे अधिक 152 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। कौशाम्बी में 21, फतेहपुर में 25, चित्रकूट में 13, बांदा में 22 और हमीरपुर में 18 मतदान स्थल बनाए गए हैं। वहीं महोबा में 9, जालौन में 33, झांसी में 47 और ललितपुर में 13 मतदान स्थल निर्धारित हैं। अब मतदान पर टिकी नजरें चुनाव से पहले राहुल कनकने का मैदान छोड़कर भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देना राजनीतिक घटनाक्रम के लिहाज से चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस समर्थन का वास्तविक असर मतदान के बाद ही सामने आएगा। 23 अक्टूबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं का रुझान किस दिशा में जाता है। अब 12 दावेदार मैदान में एमएलसी सीट के लिए ताल ठोक रहे राहुल कनकने उर्फ मोहित गुप्ता के चुनावी मैदान छोड़ने के बाद बाकी प्रत्याशियों में भाजपा के डॉ. अशोक कुमार राठौर, डॉ. मानसिंह यादव, केशव कांत शर्मा एडवोकेट, दीपक कुमार द्विवेदी, देवेश कुमार सिंह, मानसिंह यादव, रमेश चंद्र दुबे, राज कुमार, विष्णु कुमार, शिवशंकर पटेल, शैलेन्द्र कुमार और सारिका चुनाव मैदान में हैं। अभी तक राहुल कनकने के चुनाव लड़ने से भाजपा प्रत्याशी को नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)