जिस दरोगा पर लापरवाही का आरोप, उसी को सौंपी जांच:लखनऊ चौकी में 3 घंटे बेहोश पड़ी रही महिला, CM हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद कार्रवाई
लखनऊ के इंदिरानगर में महिला का हाथ-पैर बांधकर बर्बरता करने के मामले में चार दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच मानस सिटी चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह को सौंपी गई है। इसी दरोगा पर लापरवाही बरतने और परिवार को उल्टे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। परिवार का कहना है कि घटना के बाद दरोगा विपक्षियों से पैसे लेकर मामला दबाने में जुटा था। पीड़ित महिला तीन घंटे तक चौकी में बेहोशी की हालत में पड़ी रही, लेकिन न तो उसे इलाज के लिए भेजा गया और न ही परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। ऐसे में परिवार ने जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद दैनिक भास्कर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। इस दौरान परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल उठाए। 3 तस्वीरें देखिए… पुलिस महिला को बता रही मानसिक कमजोर, परिवार ने उठाए सवाल घर पर मौजूद पीड़िता की भांजी ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस उसकी मामी को मानसिक रूप से कमजोर बता रही है। सवाल है कि किसी को मानसिक रूप से कमजोर कैसे बताया जा सकता है? इसका क्या प्रमाण है? परिवार का आरोप है कि पुलिस ऐसा आरोपियों को बचाने के लिए कर रही है। भांजी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 5 बजे हुई थी। परिजनों को इसकी जानकारी सुबह करीब 9 बजे मिली। चौकी पहुंचने पर वहां मौजूद दरोगा ने परिवार के मोबाइल फोन तक जमा करवा लिए। इसके बाद महिला को इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। मोबाइल वापस मांगने पर दरोगा ने कहा कि लौटकर आने पर फोन मिल जाएगा। 1076 पर कॉल कर मांगी मदद परिवार का आरोप है कि चौकी पर मदद मांगने पहुंचे लोगों को पुलिस लगातार धमकाती और टरकाती रही। तीन दिन तक सुनवाई नहीं होने पर परिवार ने मजबूर होकर सीएम हेल्पलाइन 1076 पर कॉल कर मदद मांगी। इसके बाद घटना का वीडियो वायरल किया गया। तब पुलिस हरकत में आई और पीड़ित परिवार के घर पहुंची। परिवार का कहना है कि इसके बाद भी पुलिस मामले में लीपापोती करने में जुटी रही। घटनास्थल पर महिला को ले जाया गया तो उसे डराने की कोशिश की गई। परिवार के मुताबिक, गरीबी के चलते वे पहले चुप रहे, लेकिन अब तक इलाज में 12 हजार रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो कोई आर्थिक मदद मिली और न ही न्याय। जिसके चार बच्चे, वह बच्चा क्यों चुराएगा? परिवार का कहना है कि पुलिस बच्चा चोरी के शक की बात कहकर मामले को भटकाने की कोशिश कर रही है। उनका सवाल है कि जिस व्यक्ति के खुद चार बच्चे हैं, वह किसी दूसरे का बच्चा क्यों चुराएगा? पीड़िता पिछले 15 साल से अपने पति और बच्चों के साथ वहीं रह रही है। इसके बावजूद गांव का कोई व्यक्ति इस बात को मानने को तैयार नहीं है कि उसने बच्चा चोरी करने का प्रयास किया था। वहीं, महिला का पति करीब 30 साल से उसी गांव में रह रहा है और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार घटना के बाद से बस्ती में रहने वाला कोई भी व्यक्ति नजर नहीं आ रहा है। परिवार का आरोप है कि सभी आरोपी और उनके परिजन अपनी झुग्गियां छोड़कर फरार हो गए हैं। वहीं, ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए स्थानीय थाने की पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। झुग्गियां बसाने वाले ठेकेदार को नहीं तलाश पाई पुलिस पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के बाद अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। नामजद आरोपियों के अलावा 4-5 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। हालांकि, झुग्गियां बसाने वाले ठेकेदार के बारे में पुलिस अब तक कोई जानकारी नहीं जुटा पाई है। बस्ती के अंदर जाने पर एक और सवाल खड़ा होता है। जिन लोगों के पास पक्के मकान तक नहीं हैं, उनकी झुग्गियों में बिजली के स्थायी कनेक्शन कैसे हैं? महिला के पति का मोबाइल तक तोड़ दिया महिला की पिटाई की जानकारी मिलने पर उसका पति भी मौके पर पहुंचा। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। दैनिक भास्कर की टीम ने पत्नी को मेडिकल के लिए ले जाते समय पति से घटना की जानकारी ली। उसने बताया कि पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उल्टा डराया-धमकाया। उसका कहना था कि गरीब होने की वजह से वे किसी से कुछ कह नहीं पाए। पुलिस के रवैये से परेशान होकर चुप हो गए। मामले में डीसीपी पूर्वी डॉक्टर दीक्षा शर्मा का कहना है- हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज करके चार आरोपियों को जेल भेजा गया है। मुकदमा दर्ज करने में देरी की बात सामने आ रही है, जिसकी जांच एसीपी से कराई जा रही है। गलत पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर बोले- इसको कुछ नहीं हुआ, नाटक करती है हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद स्थानीय पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। चार दिन बाद वीडियो सामने आने पर मामला चर्चा में आया। मंगलवार को घटना का वीडियो वायरल होते ही आसपास के लोग बस्ती में पहुंच गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने झुग्गियों में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय नारायण सिंह भी वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पीड़िता को देखकर कहा- इसको कुछ नहीं हुआ। इसको क्या हुआ है? नौटंकी कर रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना वाले दिन वे इंदिरानगर थाने पहुंचे थे, लेकिन इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने उनकी शिकायत नहीं ली और वापस घर भेज दिया। वहीं, एसआई गौरव उन पर समझौता करने का दबाव बना रहे थे। पूरा मामला पढ़े… पीड़िता के पति ने तहरीर में बताया कि वह सुगामऊ में रहता है। 6 नवंबर को उसकी पत्नी सुबह 5 बजे टहलने निकली थी। मुर्गी फार्म मानस ग्रीन रोड के पास उसको झुग्गी झोपड़ी वालों ने बेहरमी से मारा। गांव के एक लड़के ने मोबाइल से जानकारी दी कि पत्नी चौकी पर है। चौकी पर पहुंचा तो पत्नी बेहोश मिली। उन्होंने मोबाइल भी तोड़ दिया था। पत्नी को लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचा तो इलाज के बाद होश आया। होश आने पर उसने बताया कि वो रोड से जा रही थी। तभी एक गाड़ी आ रही थी उसने गाड़ी से चोट लगने का खतरा देखकर झुग्गी में रहने वाले बच्चे को किनारे खींच लिया। इसके बाद झुग्गी वालों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कान का बुंदा और पायल भी छीन ली। ……………. इससे संबंधित ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ में महिला के हाथ-पैर बांधकर लातों से पीटा:उल्टा लटकाया, प्राइवेट पार्ट पर डंडे मारते रहे; इंस्पेक्टर बोले- मामूली मारपीट लखनऊ में एक महिला को लोगों ने हाथ-पैर बांधकर लातों से पीटा। मारते-मारते उल्टा लटका दिया। प्राइवेट पार्ट पर डंडे से मारा। इस दौरान महिला छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन न मारने वालों ने छोड़ा, न ही देख रहे लोगों ने उसे बचाया। घटना इंदिरानगर के सुगामऊ में झुग्गी-झोपड़ी की 6 नवंबर की है। इसका वीडियो मंगलवार, 10 नवंबर को सामने आया। इसके बाद आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर जमकर हंगामा किया। जिस जगह पर महिला के साथ मारपीट की गई थी। पढ़िए पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)