कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी में सबसे ज्यादा 68 सीटें मांगी:दलित-मुस्लिमों पर नजर, क्या सपा अपने कब्जे की 22 सीटें छोड़ेगी?

Nov 17, 2026 - 05:56
0
कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी में सबसे ज्यादा 68 सीटें मांगी:दलित-मुस्लिमों पर नजर, क्या सपा अपने कब्जे की 22 सीटें छोड़ेगी?
कांग्रेस ने सपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू होने से पहले ही 181 सीटों पर दावा ठोक दिया है। कांग्रेस का सबसे ज्यादा जोर पश्चिमी यूपी पर है। उसने यहां की 68 सीटें मांगी हैं। इसके जरिए कांग्रेस अपने पुराने कोर वोटर मुस्लिम और दलित समुदाय को साधने की कोशिश में है। 2014 के बाद से पश्चिमी यूपी भाजपा का गढ़ बना हुआ है। बसपा के उभार से पहले दलितों में सबसे बड़ी आबादी वाला जाटव समाज कांग्रेस का समर्पित वोटर हुआ करता था। सवाल है कि गठबंधन के लिए सपा अपने कब्जे वाली 22 सीटें छोड़ेगी? रालोद और सुभासपा के कब्जे वाली 12 सीटों पर भी कांग्रेस ने दावा किया है। 2022 में ये दोनों दल सपा के सहयोगी थे। ऐसे में सीट बंटवारे की बैठक में कितनी सीटों पर सहमति बन पाएगी? पढ़िए रिपोर्ट… कांग्रेस की 181 सीटों वाली सूची में 22 सीटों पर 2022 में सपा ने जीत दर्ज की थी। इसमें 19 सामान्य श्रेणी की सीटें हैं। जबकि 3 सुरक्षित सीटें हैं। हालांकि ये भी सच है कि 2022 के बाद इन 22 सीटों में 6 सीटों पर समीकरण बदल चुके हैं। मुस्लिम बहुल कुंदरकी, कटेहरी व स्वार जैसी सीटें भाजपा और उसके सहयोगी अपना दल (एस) ने उपचुनाव में सपा से छीन ली थी। ऊंचाहार से मनोज पांडेय, गौरीगंज से राकेश सिंह और चायल से पूजा पाल भी सपा का साथ छोड़कर भाजपा के साथ जुड़ चुकी हैं। क्या सपा अपने कब्जे वाली 22 सीटों को छोड़ेगी? वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्रा के मुताबिक, गठबंधन में कई बार दलों को अपने मौजूदा विधायकों की सीटों पर भी समझौता करना पड़ता है। कांग्रेस ने जिन 181 सीटों पर दावा किया है, उनमें 22 ऐसी हैं, जहां 2022 में सपा ने जीत हासिल की थी। इनमें रायबरेली की बछरावां, सरेनी, हरचंदपुर और ऊंचाहार, कौशांबी की चायल, जालौन की कालपी और अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट शामिल हैं। इसके बाद कटेहरी और कुंदरकी में उपचुनाव हुए। वहीं, ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडेय और चायल की विधायक पूजा पाल सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इस तरह इन 22 सीटों में अब सपा के पास 16 मौजूदा विधायक ही बचे हैं। हालांकि, इन सीटों पर सपा की स्थिति मजबूत है। कांग्रेस ने अगर अपना दावा नहीं छोड़ा तो बीच का रास्ता यह हो सकता है कि सपा अपने विधायकों को कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ाए। कांग्रेस ने पश्चिमी यूपी में सबसे ज्यादा सीटें क्यों मांगी कांग्रेस की 181 सीटों की सूची को अंचलवार देखें तो पार्टी पश्चिमी यूपी की सबसे ज्यादा 68 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसके अलावा पूर्वी यूपी की 65, सेंट्रल यूपी की 34 और बुंदेलखंड की 14 सीटों पर उसने दावा किया है। पश्चिमी यूपी की 126 सीटों में 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 85, जबकि सपा-रालोद गठबंधन ने 41 सीटें जीती थीं। गठबंधन ने शामली और मुरादाबाद में क्लीन स्वीप किया था। मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी भाजपा को कड़ी चुनौती दी थी। बाकी जिलों में भाजपा का दबदबा रहा था। उस चुनाव में बसपा के कोर वोटर का झुकाव भाजपा की ओर बताया गया था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में तस्वीर बदली। दलित वोटरों का साथ मिलने से सपा-कांग्रेस गठबंधन ने इस बेल्ट में अच्छा प्रदर्शन किया। इसकी एक वजह कांग्रेस की मौजूदगी को माना गया, जिससे दलित वोट गठबंधन के पक्ष में आया। कांग्रेस के फायरब्रांड नेता इमरान मसूद भी पश्चिमी यूपी से चुनाव जीतने में सफल रहे। फिलहाल वे पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। ऐसे में कांग्रेस दलित-मुस्लिम समीकरण के सहारे पश्चिमी यूपी में अपना पुराना जनाधार वापस पाने की कोशिश कर रही है। दलित वोट बैंक का बड़ा हिस्सा अब भी बसपा के साथ जुड़ा है। हालांकि, इस बार चंद्रशेखर आजाद भी इसमें सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस यह संदेश देने में जुटी है कि भाजपा को हराने के लिए दलित और मुस्लिम वोटरों को एकजुट होकर उसके साथ आना चाहिए। कांग्रेस ने यूपी में किस बेल्ट में ज्यादा सीटें मांगी कांग्रेस ने अपने मौजूदा 6 सांसदों के लोकसभा क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर सबसे ज्यादा दावा किया है। इसके अलावा पार्टी ने अपने पुराने गढ़ रहे महाराजगंज, कुशीनगर, बांसगांव, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, झांसी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी और बाराबंकी लोकसभा क्षेत्रों की विधानसभा सीटों को भी सूची में शामिल किया है। इसमें वे 39 विधानसभा सीटें भी शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बढ़त बनाई थी। तो सपा-कांग्रेस में कितनी सीटों पर होगा तालमेल? वरिष्ठ पत्रकार रतनमणि लाल के मुताबिक, कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी उसका संगठन है। बेहतर प्रदर्शन के लिए उसे सपा के संगठन की जरूरत होगी। 2017 में सत्ता में रहते हुए सपा ने कांग्रेस को 104 सीटें दी थीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में 17 सीटें दीं। एक लोकसभा सीट के तहत औसतन 5 विधानसभा सीटें मानें तो यह संख्या 85 होती है। ऐसे में सपा-कांग्रेस के बीच 85 से 104 विधानसभा सीटों पर तालमेल बन सकता है। कांग्रेस के लिए यह संख्या भी फायदेमंद हो सकती है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ 2.33% वोट और 2 सीटें मिली थीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन के बाद उसका वोट शेयर 9% से पार पहुंच गया। गठबंधन ने यूपी में NDA को भी नुकसान पहुंचाया था। रतनमणि लाल के मुताबिक, अगर दोनों दलों के बीच बेहतर तालमेल बना तो 2027 के चुनाव में कांग्रेस को अपने वोट शेयर और सीटों की संख्या बढ़ाने का मौका मिल सकता है। कांग्रेस ने सीट शेयरिंग के लिए प्रियंका को सौंपी जिम्मेदारी कांग्रेस ने सपा के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसकी अगुआई प्रियंका गांधी करेंगी। कमेटी में केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को शामिल किया गया है। सपा की ओर से अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव बातचीत की कमान संभालेंगे। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के मुताबिक, सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संयुक्त बैठक में होगा। दोनों दल 30 नवंबर तक सीट बंटवारे का मसला सुलझाने की कोशिश में हैं। वहीं, कांग्रेस 10 दिसंबर से यूपी में अपना चुनावी कैंपेन शुरू करने जा रही है। ----------------------------- भास्कर सर्वे में हिस्सा लें आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए… आपके विधायक को क्या दोबारा टिकट मिलना चाहिए? कुछ काम कराया या सिर्फ बातें की, 30 सेकंड में बनाएं रिपोर्ट कार्ड…सर्वे में हिस्सा लेने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User